|
भीलवाड़ा। अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भारत द्वारा 1 मई से 15 मई तक स्वर्गीय श्री मृणाल राठी की पुण्य स्मृति में 'संस्कार के साथ सुरक्षा' थीम पर देशव्यापी राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत देश के विभिन्न जिलों में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले 139 व्यक्तियों को सम्मानित किया जा रहा है। क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता सोडाणी एवं अशोक सोडाणी ने जानकारी दी कि क्लब की 133 जिला शाखाओं के माध्यम से चयनित इन गुमनाम नायकों को 'स्वर्गीय श्री मृणाल राठी स्मृति IMCC राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा रत्न अवार्ड 2026' से सम्मानित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 1 मई, मजदूर दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा स्थित गीता भवन सभागार में आयोजित सादे समारोह में अहमदाबाद के मुकेश कोठारी को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा रत्न अवार्ड 2026 प्रदान किया गया। 'जन-जागृति भूषण सम्मान' से अलंकृत श्री कोठारी, गुजरात प्रदेश योग बोर्ड के योग प्रशिक्षक एवं अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे वर्षों से विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस सम्मान समारोह का आयोजन क्लब के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष माया राठी एवं मधुसूदन राठी के सौजन्य से किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सभी 139 चयनित व्यक्तियों का अभिनंदन किया जाएगा। अपने संबोधन में अनिता सोडाणी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज कोरोना महामारी से भी अधिक घातक बन चुकी हैं। प्रतिदिन लगभग 450 लोगों की मृत्यु सड़क हादसों में हो रही है। उन्होंने कहा कि केवल सरकार या पुलिस के भरोसे नहीं, बल्कि आम नागरिकों के अनुशासन और जागरूकता से ही इन हादसों में कमी लाई जा सकती है। सम्मान प्राप्त करने पर मुकेश कोठारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, 'यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की एक श्रृंखला का हिस्सा है। हमें निरंतर अच्छे कार्य करते रहना चाहिए।'
|