माहेश्वरी सभा गुवाहाटी की नई कार्यकारिणी की प्रथम बैठक संपन्न

छत्रीबाड़ी स्थित आसाम माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी सभा गुवाहाटी की नई कार्यकारिणी की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभा के अध्यक्ष श्री सीताराम बिहानी, जो दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए सदस्यों का मनोनयन किया।

अध्यक्ष श्री बिहानी ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में बिना किसी प्रतिद्वंद्विता के चयनित होना समाज के विश्वास का प्रतीक है, जिसे गंभीरता से लेते हुए सभी को अपनी जिम्मेदारी और अधिक समर्पण के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह विश्वास कार्यकारिणी को नए आयाम स्थापित करने एवं रचनात्मक कार्यों को गति देने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने वरिष्ठ सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव के आधार पर नए सदस्यों का मार्गदर्शन करें, ताकि सभी मिलकर सकारात्मकता के साथ समाज के कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा सकें।

सभा सचिव श्री सुरेंद्र लाहोटी ने गत सत्र की अंतिम बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके पश्चात अध्यक्ष द्वारा अधिकारित चार कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में निरंजन मालपानी, द्वारका मोहता, कृष्णा मिमानी एवं प्रभात चांडक तथा अन्य दो सदस्यों के रूप में दामोदर मालू एवं रामेश्वर तापड़िया का मनोनयन किया गया।

वर्तमान सत्र के अध्यक्ष एवं मंत्री का चयन पूर्व में चुनाव प्रक्रिया द्वारा हो चुका था। अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष (प्रथम) राजेश बाहेती, उपाध्यक्ष (द्वितीय) संतोष तापड़िया, कोषाध्यक्ष रमेश तापड़िया, सह मंत्री बनवारीलाल बिड़ला एवं नारायण गट्टाणी तथा जनसंपर्क अधिकारी के रूप में राजेश सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई।

अध्यक्ष द्वारा पांच सलाहकारों—विष्णु बिन्नानी, केपी सारडा, रमेश कुमार चांडक, धनराज झंवर एवं राजकुमार सोमानी—की नियुक्ति करते हुए उनका विशेष अभिनंदन किया गया। सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं सलाहकारों का फुलाम गामोछा पहनाकर सम्मान किया गया।

बैठक में आगामी महेश नवमी उत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर रमेश तापड़िया को उत्सव संयोजक तथा बनवारीलाल बिड़ला को अर्थ संग्रह समिति का संयोजक नियुक्त किया गया। सभी सदस्यों से समयदान एवं सहयोग का आह्वान किया गया।

बैठक को अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (पूर्वांचल) कैलाश काबरा एवं सभा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ सलाहकार रमेश कुमार चांडक ने भी संबोधित किया। साथ ही युवा एवं महिला संगठन द्वारा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले जनसेवा कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal