रोटरी क्लब बीकानेर मिडटाउन की विशेष बैठक संपन्न, तीन वर्षों के अध्यक्षों का ऐतिहासिक चयन

रोटरी क्लब बीकानेर मिडटाउन की विशेष बैठक होटल बसंत विहार पैलेस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोटेरियन रघुवीर झंवर ने की, जबकि आतिथ्य रोटेरियन शेखर आचार्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठनंद व्यास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में समाज सेवा के विभिन्न आयामों पर चर्चा करते हुए आगामी योजनाओं को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि पहली बार एक साथ आगामी तीन वर्षों के अध्यक्षों का चयन किया गया, जिसे क्लब के इतिहास में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय माना जा रहा है। सर्वसम्मति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में वर्ष 2026-27 के लिए वरिष्ठ सदस्य श्री श्रीलाल चांडक, वर्ष 2027-28 के लिए श्री रामरतन धारणिया तथा वर्ष 2028-29 के लिए रोटेरियन श्री शशि बिहाणी का अध्यक्ष पद हेतु चयन किया गया।

क्लब के सचिव आलोक थिरानी ने जानकारी दी कि सभी सदस्यों ने विधिवत प्रक्रिया के तहत इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की तथा अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित किया गया।

इस अवसर पर आगामी असिस्टेंट गवर्नर गिरिराज जोशी ने रोटरी के सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला, वहीं चार्टर अध्यक्ष विमल चांडक ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में योजनाबद्ध एवं प्रभावी कार्य संचालन संभव होगा।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं कपिल लड्ढा एवं प्रवीण डागा द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संभाली गईं। अंकित शर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शेखर आचार्य ने क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक में नवरत्न अग्रवाल, पवन सुथार, राकेश राठी, निखिल माहेश्वरी, नवनीत खत्री, सत्यनारायण पेड़ीवाल, मोहित करनानी, गुलाब सोनी, सुरेश राठी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने रोटरी के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने हेतु अपने विचार व्यक्त किए।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal