भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा की चुनाव प्रक्रिया शुरू, चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति
भीलवाड़ा। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के निर्देशानुसार आगामी सत्र के लिए संगठन के चुनावों की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। महासभा के मुख्य चुनाव अधिकारी सतीश चरखा ने पश्चिमांचल माहेश्वरी सभा के लिए राधेश्याम सोमानी (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा) को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला सभा मंत्री रमेशचंद्र राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के लिए रतनलाल मंडोवरा को जिला मुख्य चुनाव अधिकारी तथा लक्ष्मीनारायण सोमानी एवं तेजकरण बहेड़िया को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी जिला सभा, नगर, तहसील, क्षेत्रीय सभा एवं ग्राम सभाओं के चुनाव संपन्न कराकर अंचल के चुनाव अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
केंद्रीय चुनाव समिति ने निर्देश दिए हैं कि अप्रैल 2026 तक तहसील एवं नगर सभाओं के चुनाव तथा जून 2026 तक जिला सभा के चुनाव संपन्न कराए जाएं। इसी क्रम में भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा द्वारा आगामी सत्र के चुनावों के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
सभा पदाधिकारियों ने बताया कि चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अनुभवी सदस्यों को चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव अधिकारी पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार चुनाव संपन्न कराएंगे।
जिला अध्यक्ष अशोक बाहेती ने सभी समाजजनों से अपील की है कि वे संगठन की परंपरा और अनुशासन को बनाए रखते हुए चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal