श्रीगंगानगर में माहेश्वरी समाज द्वारा गणगौर शोभायात्रा एवं प्रथम मेला भव्यता के साथ सम्पन्न, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर हुआ शहर
श्रीगंगानगर में गणगौर महोत्सव के पावन अवसर पर माहेश्वरी समाज की महिला समिति द्वारा माँ गणगौर एवं ईशर जी के नवीन, मनमोहक एवं अलौकिक स्वरूप के साथ भव्य शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस दिव्य आयोजन ने पूरे शहर को भक्ति, संस्कृति और पारंपरिक गौरव के रंगों से सराबोर कर दिया।
सुसज्जित एवं आकर्षक परिधानों तथा दिव्य आभूषणों से अलंकृत माँ गणगौर एवं ईशर जी की प्रतिमाओं ने शोभायात्रा को अद्वितीय भव्यता प्रदान की। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति एवं श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया, जो हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आस्था की सजीव झलक प्रस्तुत कर रहा था।
शोभायात्रा का शुभारंभ श्री महेश जी (गौरु) बिहानी के आवास से हुआ, जहाँ श्री माहेश्वरी महिला समिति द्वारा मंगल गीतों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया तथा अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय पदार्थों की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। भक्तों ने माँ गणगौर से सुख-समृद्धि, सौभाग्य एवं वैवाहिक जीवन की मंगल कामनाएँ कीं।
बैंड-बाजों की मधुर स्वरलहरियों के बीच आगे बढ़ती शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जवाहर नगर स्थित श्री माहेश्वरी भवन पहुँची, जहाँ पारंपरिक विधि-विधान के साथ गणगौर व ईशर जी को पानी पिलाने की रस्म सम्पन्न की गई।
इस अवसर पर प्रथम बार श्री माहेश्वरी भवन में गणगौर मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और आयोजन को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया। माँ गवरजा एवं ईशर जी की महिमा के गुणगान हेतु भक्ति-रस से ओतप्रोत अद्र्धरात्रि भजन-कीर्तन का आयोजन श्री महेश जी (गौरु) बिहानी के आवास पर किया गया, जिसमें प्रसिद्ध गायक कमल सोमानी, प्रसिद्ध गायिका कमलेश शुक्ला व महिला समिति की सदस्यों ने भाव-विभोर प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
Latest News