तिनसुकिया माहेश्वरी समाज का 'संगठन आपके द्वार' कार्यक्रम आयोजित
माहेश्वरी समाज तिनसुकिया द्वारा संचालित 'संगठन आपके द्वार' अभियान के अंतर्गत माहेश्वरी पारिवारिक मिलन समारोह की श्रृंखला में 15 मार्च को कार्यक्रम का आयोजन गोपाल एवं सरिता मूंदड़ा के निवास स्थान गोकुल धाम, परबतिया, तिनसुकिया में किया गया। कार्यक्रम में समिति, महिला मंडल एवं युवा संगठन के कुल 22 सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं विराजमान देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों का अभिनंदन करते हुए महिलाओं के प्रमुख पर्व गणगौर (21 मार्च) की शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में समाज जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से शादियों में फिजूल खर्च और दिखावे को कम करने, दिन में विवाह आयोजन करने तथा भोजन में सीमित व्यंजन रखने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
इसके साथ ही प्री-वेडिंग कार्यक्रमों के विषय में सुझाव दिया गया कि यदि ऐसे कार्यक्रम किए जाएं तो उन्हें धार्मिक स्थलों, अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम, गौशाला या अस्पतालों में सेवा कार्यों के साथ आयोजित किया जाए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि समाज के वर्षभर में आयोजित होने वाले मुख्य पांच कार्यक्रमों की रूपरेखा पहले से तैयार की जाए तथा उनमें अधिक से अधिक समाज बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी जोर दिया गया। अंत में 22 मार्च को होने वाले माहेश्वरी सभा एवं युवा संगठन के चुनावों में सभी समाज बंधुओं से सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की गई।
Latest News