अकोले माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा हल्दी-कुंकू समारोह का आयोजन सम्पन्न
अकोले (अहिल्यानगर) माहेश्वरी महिला मंडल की ओर से मकर संक्रांति के अवसर पर तिल-गुड़ एवं हल्दी-कुंकू समारोह बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विधायक किरण लहामटे की धर्मपत्नी सौ. पुष्पाताई लहामटे की विशेष उपस्थिति रही। महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत की गई महाराष्ट्रीयन थीम सभी के आकर्षण का केंद्र रही। पंढरपुर की वारी पर आधारित भव्य झांकी, पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य प्रस्तुतियां तथा विविध खेलों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विशेष रूप से पंढरपुर की झांकी ने उपस्थित महिलाओं को साक्षात पंढरपुर दर्शन का अनुभव कराया।
इस अवसर पर सौ. पुष्पाताई लहामटे ने अपने संबोधन में कहा कि माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा साकार की गई महाराष्ट्रीयन थीम अत्यंत सुंदर और प्रशंसनीय है। झांकी में विठ्ठल भगवान के दर्शन से पंढरपुर जैसा अनुभव प्राप्त हुआ। संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम की वेशभूषा में प्रस्तुत युवतियों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। विभिन्न खेलों और नृत्य कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की कला और प्रतिभा को मंच देने का सराहनीय कार्य महिला मंडल ने किया है। उन्होंने महिला मंडल के पदाधिकारियों का विशेष अभिनंदन करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का आवाहन किया।
यह समारोह माहेश्वरी समाज के जाजू मंगल कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 महिलाओं ने सहभागिता की। संत ज्ञानेश्वर की भूमिका में ऋतुजा सारडा तथा संत तुकाराम की भूमिका में रश्मि साकी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। खेलों के पुरस्कारों के लिए स्वाति सारडा और स्मिता डांगरा ने प्रायोजन स्वीकार किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने उत्कृष्ट आयोजन के लिए महिला मंडल के पदाधिकारियों की सराहना की। मान्यवरों का स्वागत एवं सम्मान अध्यक्ष प्रियंका बुब, उपाध्यक्ष जयश्री मूंदडा, सचिव तृप्ती सारडा, कोषाध्यक्ष ज्योति सारडा तथा प्रचार प्रमुख ज्योति जाजू द्वारा किया गया। कार्यक्रम की सफलता के लिए योगिता सारडा, भाग्यश्री डांगरा, रोहिणी मणियार, श्रद्धा बुब, शिल्पा जाजू, अंकिता मणियार, स्वाति बूब, दिपाली मूंदडा, ज्योति साकी, स्मिता मूंदडा सहित नीरज मूंदडा, सर्वेश डांगरा, अल्पेश सारडा, आशीष सारडा ने विशेष परिश्रम लिया। कार्यक्रम का सूत्र संचालन प्रियंका बूब एवं सचिव तृप्ती सारडा ने किया।
Latest News