श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी द्वारा संकल्प पत्र 2026 का विमोचन
श्री महेश सेवा समिति इचलकरंजी अंतर्गत श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी द्वारा वर्ष 2026 के लिए एक अभिनव एवं संस्कार आधारित पहल संकल्प पत्र 2026 का विधिवत विमोचन दिनांक 2 जनवरी को इचलकरंजी में सम्पन्न हुआ।
इस संकल्प पत्र की मूल भावना है-हर महीने एक संकल्प, हर संकल्प एक आदत और हर आदत एक सकारात्मक परिवर्तन। यह पहल केवल एक संकल्प सूची नहीं, बल्कि पूरे वर्ष चलने वाली संकल्प यात्रा है, जिसके माध्यम से व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया गया है।
12 महीने - 12 संकल्प - 1 अद्भुत यात्रा
संकल्प पत्र 2026 में कुल 12 संकल्प निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक महीने एक व्यवहारिक और जीवन से जुड़ा संकल्प अपनाने का आग्रह किया गया है।
इन संकल्पों में प्रमुख रूप से-प्रणाम, अन्न ही परब्रह्म, हरिनाम-स्मरण, मंदिर-प्रार्थना, धन्यवाद, समय का सम्मान, ट्रैफिक नियम, फैमिली टाइम, फिटनेस, बुक रीडिंग, कार्य-नियोजन एवं स्वच्छता जैसे विषय शामिल हैं।
जनवरी 2026 का पहला संकल्प-प्रणाम
संकल्प यात्रा की शुरुआत जनवरी माह के 'प्रणाम' संकल्प से की गई है। इसके अंतर्गत सभी से आग्रह किया गया है कि वे 31 दिनों तक प्रतिदिन अपने घर के बड़ों, गुरुओं एवं मिलने वाले वरिष्ठजनों को मन, वचन और व्यवहार से सादर प्रणाम करें। इसका उद्देश्य केवल अभिवादन नहीं, बल्कि संस्कारों को व्यवहार में उतारते हुए परिवार और समाज में सम्मान, सौहार्द एवं सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है।
विमोचन कार्यक्रम के अवसर पर इचलकरंजी एवं कोल्हापुर जिला माहेश्वरी समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने 'संकल्प पत्र 2026' जैसी संस्कार प्रधान पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी और अनुकरणीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष श्री अखिल अशोककुमार बाहेती ने कहा कि 'छोटी-छोटी आदतें ही बड़े परिवर्तन की नींव बनती हैं। संकल्प पत्र 2026 समाज में संस्कारों को पुन: व्यवहार में लाने का प्रयास है।'
मंडल के सचिव श्री अक्षय अजय जाखोटिया ने बताया कि 'यह पहल नियम नहीं, बल्कि एक विनम्र अपील है, जिसे अपनाकर हर परिवार अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव अनुभव कर सकता है।'
यह संकल्प पत्र पूरे समाज के लिए एक सामूहिक प्रयास है, जिसका उद्देश्य आने वाले वर्ष को अधिक संस्कारयुक्त, संतुलित एवं सार्थक बनाना है।
इस पहल के Concept एवं Content का निर्माण श्री कृष्ण श्यामसुन्दर मूंदड़ा द्वारा किया गया है। श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी सभी सार्वजनिक जगहों पर इन पोस्टर्स को लगाकर, समाज के सभी बंधुओं से इस संकल्प यात्रा से जुडऩे और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।
Latest News