माहेश्वरी समाज वारंगल द्वारा दीपावली स्नेह मिलन 2025 धूमधाम से मनाया गया

माहेश्वरी समाज वरंगल द्वारा आयोजित दीपावली स्नेह मिलन 2025 बड़े धूमधाम से समाज के अध्यक्ष प्रहलाद सोनी की अध्यक्षता में समाज के भवन मारुति कन्वेंशन में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि तेलंगाना आंध्र प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के मंत्री एवं अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारिणी सदस्य सीए कन्हैयालाल राठी उपस्थित हुए। विशिष्ट अतिथि एपी महेश को-ऑपरेटिव अर्बन बैंक लिमिटेड के निदेशक एवं प्रमुख धार्मिक समाज सेवी कैलाश नारायण भांगडिय़ा उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपावली स्नेह मिलन के संयोजक सीए हरीश लोया द्वारा अतिथियों का मंच पर स्वागत, भगवान महेश की पूजा, ज्योति प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ हुआ। अध्यक्ष प्रहलाद सोनी ने सभी का स्वागत करते हुए सभी को शुभ दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी एवं अपने संदेश में वर्तमान समाज में हो रही विविध समस्याओं के बारे में चिंता जताई और सभी सदस्यों से आग्रह किया कि सभी मिल कर इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए। समाज के मंत्री रामकिशोर मनियार द्वारा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी गई। तेलंगाना आंध्र प्रादेशिक माहेश्वरी सभा दक्षिणांचल के उपाध्यक्ष गोपीकिशन लाहोटी ने सभी को दीपावली के हार्दिक शुभकामनाएं दी एवं जोधपुर में होने वाले माहेश्वरी महाकुंभ में चलने का निमंत्रण दिया गया। अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारिणी सदस्य रमेशचंद बंग ने उपस्थित सभी को शुभ दीपावली की शुभकामनाएं दी एवं राष्ट्र स्तर पर महासभा द्वारा संचालित विविध योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से निवेदन किया कि सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें और बताया की महासभा द्वारा जो संकल्प लिया गया है की, मिशन 100 आईएएस, उसके तहत युवा वर्ग से आग्रह किया कि सभी इस दिशा में ध्यान देकर 2030 तक अपने समाज से कम से कम 100 आईएएस अधिकारी बनने का प्रयास करें। प्रगतिशील मारवाड़ी समाज वरंगल के अध्यक्ष वेणुगोपाल मूंदड़ा ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि दीपावली का त्यौहार एकता और सभी में खुशी की लहर लाने वाला त्यौहार है इस त्यौहार की विशेषता बताते हुए कहा कि, इस बार इस पर्व पर पूरे भारत देश में लगभग 6 लाख करोड़ का व्यवसाय हुआ है। उपस्थित सभी सदस्यों से निवेदन किया कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जो आत्मनिर्भर भारत का नारा है उसे स्वीकार करें एवं स्वदेशी वस्तुओं का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें। समाज में हो रहे विविध दुष्परिणामों के बारे में भी चिंता जताते हुए कहा कि समाज में कोई भी समस्या हो तो उसका समाधान ढूंढने में समाज के प्रति सदस्य की जिम्मेदारी है और सभी एकजुट रहकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि कैलाश नारायण भांगडिय़ा ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से निवेदन किया कि आज की इस भाग दौड़ भरी जिंदगी में थोड़ा समय आध्यात्मिकता के प्रति ईश्वर के प्रति एवं धार्मिक कार्यों के प्रति दे। धार्मिक कार्यों से जुड़े रहने से काफी संतुष्टि प्राप्त होती है एवं जीवन में बड़े से बड़े संकट आसानी से टल जाते हैं। मुख्य अतिथि सीए कन्हैयालाल राठी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में यह बताया कि माहेश्वरी समाज सभी समाजों में एवं प्रजातियां में सबसे ऊपर गिना जाता है और बताया कि समाज में विविध प्रथाएं संस्कार बहुत महत्वपूर्ण है और वह एक पीढ़ी से दूसरे पीढ़ी तक ले जाने की जिम्मेदारी प्रति घर में दादा-दादी, माता-पिता की है। बच्चों में धर्म आध्यात्मिक संस्कार डालना बहुत जरूरी है एवं सामूहिक परिवार की प्रधानता भी बताई। युवा वर्ग से आग्रह किया कि सब अपना लक्ष्य निर्धारित करके प्रतिदिन अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करें एवं अपने जीवन में ऊँचे पदों को हासिल करें। उन्होंने यह बताया कि यदि पारिवारिक व्यवसाय हो तो बच्चों को उस व्यवसाय में प्रशिक्षित करें एवं युवा पीढ़ी आधुनिक पद्धतियों द्वारा व्यवसाय को और आगे बढ़ाने का प्रयास करें। युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि नौकरी लेने वाले न बने बल्कि चार लोगों को नौकरी प्रदान करने वाले समर्थ बने। ग्रामीण क्षेत्रों में एवं जिला क्षेत्र में विवाह की समस्या के बारे में अपनी चिंता जताते हुए यह सुझाव दिया की सभी अपने आस पास के गांव वाले अपने बच्चों के संबंध अपने आस पास के गांव में करने का प्रयास करें ताकि इस समस्या का समाधान निकल पाएगा।

समाज के सभी सदस्यों को एवं युवा वर्ग को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने का सुझाव दिया और समाज में एक जिम रूम बनाने को कहा। मंच पर माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष मुकेशचंद बंग, माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मीना किशन लाहोटी, तेलंगाना आंध्र प्रादेशिक माहेश्वरी महिला मंडल की वरिष्ठ उपाध्यक्षा श्रीमती चंदा देवी बंकटलाल सोनी उपस्थित थे। इस स्नेह मिलन कार्यक्रम में प्रति वर्ष की तरह समाज के 70 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। समाज में जो भी प्रोफेशनल डिग्री एवं स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त छात्रों को भी सन्मानित किया गया एवं शिक्षा क्षेत्र में होनहार बच्चे जिन्होंने सर्वाधिक अंक प्राप्त करें है उन्हे पुरस्कृत किया गया। सम्मान कार्यक्रम एवं पुरस्कार प्रदान कार्यक्रम श्री गणेश लाल मुरलीधर मूंदड़ा परिवार के सौजन्य से किया गया। मंचीय कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रसव एवं राष्ट्रीय गीत से किया गया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित सभी के लिए सोना चांदी तंबोला का आयोजन किया गया जिसमें विजेताओं को सोने और चांदी के सिक्के प्रदान किए गए। मंच का सफल संचालन डॉक्टर विष्णु कुमार बल्दवा एवं श्रीमती सीए सोनम लोया ने किया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित सभी के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। इस कार्यक्रम में समाज के लगभग 400 सदस्य उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया। यह पूर्ण जानकारी दीपावली स्नेह मिलन 2025 के संयोजक सीए हरीश लोया द्वारा यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन