उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा का कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर संपन्न
श्रीगंगानगर, 17 अगस्त। उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा का द्वितीय कार्यकारी मंडल बैठक एवं कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर श्री माहेश्वरी भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए वक्ताओं ने समाज सेवा, संगठनात्मक मजबूती और सामूहिक नेतृत्व के गुर सीखे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के प्रति न केवल जागरूक किया गया, बल्कि समाज को सामूहिक प्रगति की दिशा में संगठित होकर आगे बढऩे का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना व अतिथि सम्मान कर किया गया। महेश वंदना प्रसिद्ध कथा वाचक सुश्री चेतना किशोरी ने प्रस्तुत कर वाह-वाही बटोरी। शैलजा चितलांगिया व किरण सोमानी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सचिव डॉ. अजीत सोमानी ने समिति के क्रियाकलापों को पीपीटी के माध्यम से व आनुषांगिक संगठनों ने भी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। श्री माहेश्वरी सेवा समिति, श्रीगंगानगर के अध्यक्ष महेश कुमार नढाणी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि संगठन ही समाज की ताकत है और कार्यकर्ता उसकी रीढ़ है।
विशिष्ट अतिथि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के अर्थ मंत्री श्री राजकुमार काल्या ने संगठन की शृंखलाबद्ध कड़ी और जुड़ाव पर विशेष व्याख्यान देते हुए कहा कि संगठन केवल एक संस्था या भवन नहीं है। संगठन वह शक्ति है जो अलग-अलग व्यक्तियों को एक धागे में पिरोकर समाज को एक माला का रूप देती है। संगठन तभी सशक्त बन सकता है जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता आपस में जुडकर संगठन के हित में कार्य करे। किसी संगठन की एक भी कड़ी कमजोर होती है तो पूरा संगठन टूट जाता है। श्री काल्या ने कहा कि आपसी जुड़ाव से साझेदारी और सहभागिता बढ़ती है। नियमित बैठके और संवाद कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को जोड़े रखते हैं। इसी कड़ी में त्योहार और प्रशिक्षण कार्यक्रम आपसी जुड़ाव को और गहरा बनाते हैं। गौरव मूंधड़ा ने बैठक एवं प्रकल्प नियोजन पर मार्गदर्शन दिया। वहीं उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कमल राठी ने पदाधिकारियों के अधिकार, कर्तव्य एवं दायित्व बताए। सी.ए. विनोद दम्माणी ने समूह में कार्य करने की कला समझाई। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारी सदस्य बाबूलाल मोहता ने संगठन में परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व प्रारंभ में उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के सचिव श्री पवन सोमानी ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
बैठक में श्रीगंगानगर, बीकानेर, चुरु और हनुमानगढ़ जिला माहेश्वरी सभा ने अपने क्रियाकलापों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में प्रादेशिक सभा व श्री माहेश्वरी सेवा समिति की ओर से राजकुमार काल्या का श्रीफल देकर व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री मनोज चितलांगिया ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम संयोजक श्याम सुंदर करवा व सहसंयोजक राजेश चांडक ने बताया कि बैठक की तैयारी, रजिस्ट्रेशन व भोजन पुरस्कारी में युवा समिति, महिला समिति व प्रोफेशनल सैल का सक्रिय योगदान रहा। भोजन संयोजक मदनगोपाल भूतड़ा की देखरेख में तैयार स्वादिष्ट अल्पाहार व भोजन का आनंद लिया।
Latest News