कानपुर में महेश नवमी उत्सव बहुत धूमधाम से मनाया गया
4 जून 2025 को प्रतिवर्ष की भांति कानपुर में महेश नवमी उत्सव बहुत धूमधाम से मनाया गया। यह 5158 वां माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस है जिसमें कानपुर समाज के सभी परिवारों बंधुओ मातृशक्ति युवा शक्ति बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रमुख आयोजक के रूप में श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल के अध्यक्ष श्री राकेश मूंदडा, सचिव गौरव डागा तथा उनकी समस्त टीम ने कानपुर की विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के साथ प्रमुख भूमिका निभाई। इस अवसर कानपुर की गणमान्य विभूतियों के साथ मुख्य अतिथि श्रीमती मंजु बांगड़ राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन थी। श्री शरद सोनी अध्यक्ष अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी युवा संगठन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुबह भगवान महेश के हवन पूजन के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें विभिन्न झांकियां तथा नृत्य संगीत मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा मार्ग में सामाजिक बंथुओ के द्वारा जगह-जगह शीतल पेय की व्यवस्था की गई एवं भगवान महेश की आरती उतारी गई। शोभायात्रा के पश्चात भगवान महेश के सामूहिक आरती की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती मंजू बांगड़ को नवयुवक मंडल एवं मध्य उत्तर प्रदेश माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती सीमा झंवर एवं संगठन की बहनों द्वारा दुपट्टा पाग स्मृति चिन्ह देकर समाज गौरव के रूप में सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में में बताया कि हम सब बड़े सौभाग्यशाली है कि विश्व के श्रेष्ठ समुदाय में से एक माहेश्वरी समाज में हमने जन्म लिया है भगवान शिव हमारे आपके आराध्य हैं और सत्यम शिवम सुंदरम के प्रतीक ही नहीं वरन प्रदाता भी हैं। परिवार हो या समाज सामंजस्य का गुण भी शिव परिवार से लेना है जो विषमताओं के बावजूद भी एकात्म भाव का संदेश देता है। मानव मात्र के कल्याण के लिए विषपान कर उनका नीलकंठ स्वरूप दूसरों की भलाई व सेवा का मार्ग प्रशस्त करता है। परमार्थ के इसी स्वरूप को साकार करते हुए आओ हम सब मिलकर मनसा वाचा कर्मणा से सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय का संकल्प ले। स्व नहीं पर के प्रति आबद्ध रहे। सहयोग की भावना से परिष्कृत हो समाज उत्थान के प्रति समर्पित रहे। राष्ट्रीय महिला संगठन द्वारा संपूर्ण भारतवर्ष तथा नेपाल में इस अवसर पर संस्कार सिद्धा राष्ट्रीय समिति के माध्यम से किशोरियों को स्व-सुरक्षा हेतु प्रशिक्षण देने के लिए प्रथम बार आत्मरक्षा राष्ट्रीय महा अभियान का भी बृहद कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर लिया जा रहा है जो वर्तमान परिस्थितियों में अति आवश्यक तथा महत्वपूर्ण है जिसके लिए हम सभी संगठित शक्ति से कृत संकल्प हो।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शरद सोनी को भी मंडल अध्यक्ष राकेश माहेश्वरी द्वारा दुपट्टा व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उनके प्रेरक विचारों को सुना। कानपुर समाज के दो वरिष्ठ जन श्री हरि कृष्ण मूंदड़ा एवं श्री विजय प्रकाश काल्या को माहेश्वरी रत्न से सम्मानित किया गया। प्रोफेशनल व सामाजिक क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने के साथ-साथ मेधावी बच्चों तथा विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

शाम को माहेश्वरी समाज कानपुर दक्षिण के अध्यक्ष श्री रवि काकाणी के नेतृत्व में भी महेश नवमी उत्सव अग्रसेन भवन में सराहनीय रहा। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला संगठन की नेतृत्व कर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ तथा युवा संगठन के अध्यक्ष श्री शरद सोनी की विशेष उपस्थिति रही। दक्षिण समाज की बहनों द्वारा सुंदर महेश वंदना तथा राजस्थानी संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मेधावी बच्चों का सम्मान तथा अति विशिष्ट अतिथियों का सम्मान अभिनंदनीय रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ तथा युवा संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्वकर्ता शरद सोनी ने महेश नवमी की बधाई तथा शुभकामनाएं समाज बंधुओ को प्रेषित की। इस संपूर्ण कार्यक्रम में कानपुर दक्षिण समाज के सभी संरक्षक मंडल पदाधिकारी संयोजक स्वागत अध्यक्ष तथा प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान रहा। अंत में श्री विजय काल्या द्वारा निर्मित माहेश्वरी वंशोत्पत्ती मंदिर रूमा में बृहद दीप प्रज्वलन, पूजन, प्रसाद तथा शिव लीला मंचन के साथ महेश नवमी उत्सव कार्यक्रम संपूर्ण हुआ जिसमें कानपुर के माहेश्वरी समाज तथा विशिष्ट विभूतियों की विशेष उपस्थिति रही।

Latest News
