जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में एस.डी. बिहाणी स्कूल, श्रीगंगानगर की टीम ने जीती विजेता ट्रॉफी
एसडी पीजी कॉलेज, श्रीगंगानगर में स्थित भामाशाह सेठ एस.के. बिहाणी क्रिकेट मैदान पर सेठ जीएल बिहाणी एसडी सीनियर सैकंडरी स्कूल की मेजबानी में 4 अक्टूबर से चल रही 67वीं जिला स्तरीय 17 वर्ष छात्र क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन शनिवार को समारोहपूर्वक हुआ। फाइनल मैच सेठ जीएल बिहाणी एसडी सीनियर सैकंडरी स्कूल और सूरतगढ़ के ब्लोसम एकेडमी की टीमों के बीच हुआ, जिसमें बिहाणी स्कूल की टीम विजेता रही। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहाणी चिल्ड्रन्स एकेडमी प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष हिमांशु बिहाणी थे। अध्यक्षता सेठ जीएल बिहाणी एसडी सीनियर सैकंडरी स्कूल प्रबंध समिति के सचिव घनश्यामदास बिन्नानी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेठ जीएल बिहाणी एसडी शिक्षा ट्रस्ट के निदेशक राजेंद्र राठी, बिहाणी फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजीव ठक्कर, बिहाणी बीएड कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कविता चौधरी व बिहाणी चिल्ड्रन्स एकेडमी की व्याख्याता जितेंद्रप्रीतकौर थीं। इस अवसर पर हिमांशु बिहाणी ने बात हार या जीत की नहीं है, फाइनल मैच तक पहुंचना भी बहुत बड़ी बात है। विजेता बनने का सौभाग्य एक टीम को ही प्राप्त होता है, लेकिन उप विजेता टीम को हार से हताश ना होकर कमियों को सुधार कर भविष्य में विजेता बनने के लिये प्रयास करने चाहिये। विजेता टीम को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिये अच्छी तैयारी करें ताकि वहां भी परचम लहरा सके। घनश्यामदास बिन्नानी ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि उप विजेता टीम को निराश होने की जरूरत नहीं है। खिलाड़ी अपनी कमियों को दूर करें ताकि भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। अतिथियों ने विजेता टीम बिहाणी एसडी स्कूल के कोच धीरज शर्मा और कप्तान चंदन व उप विजेता टीम ब्लोसम एकेडमी के कोच भीम शर्मा व कैप्टन करण सहित पूरी टीम को विजेता और उप विजेता ट्रॉफी प्रदान की। बिहाणी ट्रस्ट के निदेशक राजेंद्र राठी ने प्रतियोगिता के पर्यवेक्षकों और निर्णायकों को स्मृति चिन्ह भेंट किये। शिक्षा विभाग के पर्यवेक्षक हरजीत सिंह गिल ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं के लिये बिहाणी शिक्षा ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। चयन समिति के सचिव जुल्फिकार कोहरी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिले की 18 टीमों के 254 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के संयोजक व बिहाणी सीनियर सैकंडरी स्कूल के प्राचार्य अशोक ग्रोवर ने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी खिलाडिय़ों ने खेल भावना से खेलकर अनुशासन का परिचय दिया है। कोच धीरज शर्मा ने बताया कि विजेता टीम में से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिये खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा।
Latest News