एसडी पीजी कॉलेज श्रीगंगानगर के बायो टेक्नोलोजी विभाग में मिनी लाइब्रेरी का उद्घाटन
सेठ जीएल बिहाणी एसडी पीजी कॉलेज श्रीगंगानगर में बायोटेक्नोलोजी विभाग में मिनी लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। दिनांक १९ सितम्बर को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वरुण माहेश्वरी ने लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन कर विद्यार्थियों को समर्पित की। इस अवसर पर डॉ. माहेश्वरी ने कहा कि विद्यार्थी विषय से संबंधित पठन सामग्री और नोट्स के लिये परेशान होते हैं। एक ही स्थान पर संपूर्ण पाठ्यक्रम से संबंधित सामग्री मिलनी मुश्किल होती है। मिनी लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं को एक ही छत के नीचे पाठ्यक्रम से संबंधित बेहतर सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। लाइब्रेरी में बायो टेक्नोलोजी के प्रथम वर्ष से लेकर एमएससी के छात्र-छात्राओं के लिये लगभग 100 पाठ्य पुस्तकों का संग्रह है। कुछ पुस्तकें सुप्रसिद्ध लेखकों द्वारा लिखी गई हैं जो बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही 70 प्रिंटेड नोट्स और लगभग 50 हस्तलिखित नोट्स भी मिनी लाइब्रेरी में उपलब्ध करवाए गए हैं। विद्यार्थी लाइब्रेरी में बैठकर अध्ययन कर सकेंगे जिससे उनके समय का सदुपयोग होगा। इस अवसर पर बायो टेक्नोलाजी विभाग के व्याख्याता साक्षी सोनी, श्री दिनेश, एस.डी. पीजी कॉलेज के ऑफिस इंचार्ज श्री अभिमन्यु शर्मा, प्रयोगशाला सहायक देवेन्द्र सहारण सहित स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Latest News