जयपुर में पहली बार भव्य सम्पूर्ण कार्यसिद्धि एवं श्री महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन

महेश प्रगति क्लब, जयपुर द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर 2026 को मानसरोवर स्थित माहेश्वरी अभिनंदन भवन में भव्य सम्पूर्ण कार्यसिद्धि एवं श्री महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन अपार श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जयपुर में पहली बार आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाजबंधुओं, श्रद्धालुओं एवं गणमान्यजनों ने सहभागिता कर धर्म एवं आध्यात्मिक आस्था का परिचय दिया।

प्रात: 9 बजे से सायं 6 बजे तक चले इस दिव्य आयोजन में चेन्नई से पधारे आचार्य श्री श्रीनिवास श्रीमाली के सान्निध्य में 21 विद्वान पंडितों ने संगीतमय वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक यज्ञ संपन्न कराया। वैदिक मंत्रों की गूंज एवं भक्तिमय वातावरण ने संपूर्ण परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। आयोजन के मुख्य यजमान श्रीमती सुमित्रा एवं श्री सत्यनारायण काबरा (मालवीय नगर) रहे। इस अवसर पर 58 दंपतियों ने यजमान के रूप में सहभागिता कर मां महालक्ष्मी से सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

क्लब अध्यक्ष श्री दीपक बाहेती ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, एकता, आपसी सद्भाव एवं सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा को सुदृढ़ करना था। समाजबंधुओं के अभूतपूर्व सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता से यह आयोजन सफल रहा। यज्ञ संयोजक श्री महेश परवाल ने बताया कि इतने व्यापक स्तर पर धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन सामूहिक प्रयास एवं समर्पण का परिणाम है। आचार्य श्रीमाली एवं विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराया गया यह अनुष्ठान श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव रहा।

क्लब सचिव श्री शिवम खटोड़ ने बताया कि क्लब परिवार के समस्त सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों से लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं तक अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन किया। निवर्तमान अध्यक्ष श्री नरेश झंवर ने कहा कि महेश प्रगति क्लब, जयपुर सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को एकजुट करने वाली अग्रणी संस्था है। ऐसे आयोजन हमारी गौरवशाली धार्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस पावन अनुष्ठान में विशिष्ट यजमान के रूप में श्रीमती आशा एवं श्री अनिल सारड़ा, श्रीमती आकृति एवं श्री गर्वित परवाल, श्रीमती मंजू एवं श्री राधाकृष्ण कोगटा (कोगटा फाइनेंस), श्रीमती निर्मला एवं श्री अरुण लोहिया, श्रीमती विमला एवं श्री रामसहाय मांधना, श्रीमती विमला एवं श्री प्रकाश पोरवाल (भीलवाड़ा), श्रीमती सुधा एवं श्री गोविन्द परवाल, श्रीमती सुनीता एवं श्री पवन बजाज तथा श्रीमती राधा एवं श्री गौरीशंकर बाहेती ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता प्रदान की।

यज्ञ कोषाध्यक्ष श्री अरुण लोहिया ने सभी यजमानों, विद्वान पंडितों, अतिथियों, समाजबंधुओं एवं क्लब परिवार के समस्त सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, श्रद्धा एवं समर्पण से ही इतना भव्य धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

कार्यक्रम का समापन मां महालक्ष्मी की आरती एवं समस्त समाज के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ। महेश प्रगति क्लब, जयपुर ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी समाजबंधुओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal