कोयंबटूर में गरबा एवं डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन

नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी भवन, कोयंबटूर में माहेश्वरी युवा परिषद एवं सुरभि महिला मंडल द्वारा, माहेश्वरी सभा, कोयंबटूर के सहयोग से गरबा एवं डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकता के रंगों से सजे इस कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साह के साथ उत्सव का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ अंबे की आरती के साथ हुआ। भक्तिमय वातावरण में माँ शक्ति की आराधना के पश्चात पारंपरिक संगीत की मधुर धुनों पर गरबा एवं डांडिया नृत्य का सिलसिला प्रारंभ हुआ। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों और रंग-बिरंगी डांडिया छडिय़ों की आकर्षक छटा ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। झिलमिलाती रोशनी, संगीत की गूंज और प्रतिभागियों के उत्साह ने ऐसा मनमोहक समाँ बाँधा कि मानो परीलोक धरती पर उतर आया हो।

गरबा एवं डांडिया नृत्य भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग हैं। ये नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि माँ शक्ति की सामूहिक आराधना, आपसी मेलजोल, प्रेमभाव और सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करने का भी सुंदर अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों की सक्रिय भागीदारी ने इस भावना को साकार किया। बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य में हिस्सा लिया और आयोजन को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष श्री दामोदर सोमानी एवं समाजसेवी श्री सीताराम कांकाणी ने भी डांडिया नृत्य में भाग लेकर उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया। उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए आयोजन के दौरान छह लकी ड्रॉ निकाले गए, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इससे उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समाजजनों की उमंगपूर्ण भागीदारी, पारस्परिक सौहार्द और उत्सव के उल्लास ने पूरे आयोजन को सफल एवं अविस्मरणीय बना दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई। सभी ने आपसी प्रेम, सद्भाव और आत्मीयता के साथ भोजन ग्रहण किया तथा इस सुंदर आयोजन की सराहना की। माहेश्वरी युवा परिषद एवं सुरभि महिला मंडल के इस आयोजन ने नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संदेश दिया। माहेश्वरी सभा, कोयंबटूर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज के लोगों को एक साथ आने, परंपराओं से जुडऩे और उत्सव की खुशियाँ साझा करने का यादगार अवसर प्रदान किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal