| जयपुर में राजस्थानी गरबा कार्निवल की धूम, 30 दम्पतियों को 'संतति रक्षक सम्मान' |
|
|
जयपुर जिला माहेश्वरी महिला संगठन के तत्वावधान में 4 अक्टूबर को जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में 'आओ गाँव चलें' एवं 'वेलकम गरबा कार्निवल' का भव्य आयोजन किया गया। राजस्थानी संस्कृति, लोक कलाओं और माहेश्वरी समाज की प्रतिभाओं को समर्पित इस आयोजन में लगभग ढाई हजार दर्शकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तीन या अधिक संतान वाले 30 दम्पतियों को प्रदान किया गया 'संतति रक्षक सम्मान' रहा। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, गायन, चित्रकला प्रतियोगिताओं और ग्रामीण परिवेश की मनमोहक झलकियों ने पूरे शिल्पग्राम को राजस्थानी संस्कृति के रंग में रंग दिया। जिला अध्यक्ष सविता माहेश्वरी (राठी) ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को राजस्थानी संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन भीलवाड़ा के श्री प्रकाश पोरवाल ने किया। इस अवसर पर 5 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए ग्रामीण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 130 बच्चों ने भाग लिया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत करने के साथ सभी प्रतिभागियों को क्षेत्रीय संगठन जोन-1 की ओर से उपहार प्रदान किए गए। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित गायन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज की घटती जनसंख्या के विषय पर विशेष ध्यान आकर्षित किया गया। इस अवसर पर तीन या अधिक संतान वाले 30 दम्पतियों को 'संतति रक्षक सम्मानÓ से विभूषित किया गया। आयोजकों ने इसे समाज में जनसंख्या संबंधी जागरूकता उत्पन्न करने की दिशा में एक विशेष पहल बताया। शिल्पग्राम के मंच पर आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में माहेश्वरी संगठनों एवं विभिन्न क्लबों ने चाँद-चाँदनी तथा राधा-कृष्ण थीम पर आकर्षक नृत्य फ्यूजन प्रस्तुत किए। इसके बाद जिला संगठन के छह क्षेत्रीय संगठनों की महिलाओं ने घूमर, भवई, कालबेलिया, पनिहारी एवं मंजीरा सहित विभिन्न राजस्थानी लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। घरेलू एवं व्यावसायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाली महिलाओं की उत्कृष्ट नृत्य प्रतिभा और आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला मंत्री उर्मिला लोहिया ने बताया कि लगभग ढाई हजार दर्शकों से खचाखच भरे शिल्पग्राम प्रांगण में प्रत्येक प्रस्तुति का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। चाँद-चाँदनी थीम प्रतियोगिता में माहेश्वरी प्रगति क्लब, जोन-6 फ्रेंड्स क्लब को प्रथम, जोन-2 के फैमिली क्लब को द्वितीय तथा बीकानेरी महेश क्लब को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
राजस्थानी लोकनृत्य प्रतियोगिता में क्षेत्रीय संगठन जोन-2 की कालबेलिया प्रस्तुति प्रथम, जोन-6 का मंजीरा नृत्य द्वितीय तथा क्षेत्रीय संगठन जोन-5 का पनिहारी नृत्य तृतीय स्थान पर रहा। रेनवाल महिला संगठन को विशेष प्रस्तुति के लिए 5100 रुपए का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार जोन-1, जोन-3 एवं जोन-4 को भी 5100-5100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार दिए गए। दोनों नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान के लिए 15 हजार तथा द्वितीय स्थान के लिए 11 हजार रुपए के पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन में अधिकांश महिलाएँ पारंपरिक ग्रामीण वेशभूषा में पहुँचीं, जबकि अनेक पुरुष एवं बच्चे भी राजस्थानी परिधानों में सजे नजर आए। आगंतुकों के स्वागत के लिए कच्छी घोड़ी नृत्य एवं शहनाई वादन की विशेष व्यवस्था की गई थी। ग्रामीण शैली में सजे स्टॉल, पारंपरिक व्यंजनों की महक तथा ऊँट, घोड़े एवं ऊँटगाड़ी की सवारी ने मेले का आकर्षण बढ़ाया। विशेष रूप से बच्चों ने इन गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। रात्रि 10 बजे तक चले गरबा नृत्य में भी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लकी ड्रॉ के माध्यम से 100, 200, 500, 1100 और 2100 रुपए के अनेक पुरस्कार निकाले गए। इसके अतिरिक्त 5100 रुपए का विशेष पुरस्कार भी रखा गया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला संगठन की संरक्षिका उमा परवाल एवं उमा सोमानी, अध्यक्ष सविता माहेश्वरी (राठी), संयोजिका अनुराधा झंवर एवं ममता जाखोटिया, सचिव उर्मिला लोहिया, सांस्कृतिक मंत्री पूजा राठी, संयुक्त सचिव सुगंधा लढ्ढा, उर्वशी बंग एवं पूनम करवा, कोषाध्यक्ष इंदु पंसारी, कार्यालय मंत्री माधुरी कचोलिया, सह सांस्कृतिक मंत्री वर्षा भुराडिय़ा तथा मेला सहसंयोजिका एवं जोन-2 की अध्यक्षा ज्ञान लाहोटी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर जयपुर जिला संगठन की प्रचार एवं संगठन मंत्री अनुराधा माहेश्वरी का नगर निगम के परकोटा क्षेत्र के एक वार्ड से पार्षद निर्वाचित होने पर सम्मान किया गया। आयोजन में जिला एवं प्रदेश स्तर के महिला संगठनों, क्षेत्रीय सभाओं, माहेश्वरी महासभा के पूर्व पदाधिकारियों, स्थानीय समाज एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जयपुर माहेश्वरी समाज के अनेक प्रायोजकों ने आयोजन में आर्थिक सहयोग प्रदान किया। जिला संगठन ने सभी प्रायोजकों, सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राजस्थानी संस्कृति, सामाजिक सम्मान और महिला प्रतिभाओं को समर्पित यह भव्य आयोजन अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं व्यापक जनसहभागिता के कारण यादगार बन गया।
|
|
| 20 October 2026 |
| पंचांग और राशिफल |