| रांची में माहेश्वरी महिला समिति ने किया कन्या पूजन, 100 से अधिक बच्चों को भेंट किए उपहार |
|
|
नवरात्रि के पावन अवसर पर माहेश्वरी महिला समिति, रांची के तत्वावधान में स्थानीय माहेश्वरी भवन में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्तिभाव एवं धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर 100 से अधिक कन्या स्वरूप बालिकाओं एवं भैरव स्वरूप बालकों का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें विभिन्न उपहार एवं भेंट सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज की महिलाओं, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सनातन संस्कृति की इस पवित्र परंपरा का निर्वहन किया। नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से आराधना की जाती है। विशेष रूप से अष्टमी एवं नवमी के अवसर पर कन्या पूजन और कन्या भोज का विशेष धार्मिक महत्व है। सनातन परंपरा में कुंवारी कन्याओं को मां दुर्गा का साक्षात स्वरूप मानकर उनका पूजन किया जाता है। इस दौरान कन्याओं को हलवा-पूरी सहित विभिन्न व्यंजन खिलाने तथा चुनरी, चूडिय़ां, श्रृंगार सामग्री एवं अन्य उपहार भेंट करने की परंपरा है। इसी धार्मिक भावना को साकार करते हुए माहेश्वरी महिला समिति ने कन्या पूजन का आयोजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम सभी कन्याओं के चरण धोकर उन्हें आलता लगाया गया। इसके पश्चात रोली से तिलक कर मौली बांधी गई तथा मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया गया। उपस्थित महिलाओं ने कन्याओं पर पुष्पवर्षा कर उन्हें देवी स्वरूप मानकर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर कन्याओं एवं भैरव स्वरूप बालकों को फूड पैकेट, चॉकलेट, फल, स्टेशनरी सामग्री तथा नकद राशि भेंट की गई। उपहार प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। बच्चों ने भी प्रसन्नतापूर्वक सभी सदस्यों को आशीर्वाद दिया। पूरे आयोजन के दौरान माहेश्वरी भवन का वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना रहा। इस अवसर पर समिति की सदस्यों ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान, मातृत्व, स्नेह एवं सेवा भावना का प्रतीक है। कुंवारी कन्याओं को आदिशक्ति का स्वरूप मानकर उनका आदर-सत्कार करना सनातन धर्म की अत्यंत प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धार्मिक संस्कारों एवं सामाजिक मूल्यों से जुडऩे की प्रेरणा मिलती है। साथ ही समाज में नारी सम्मान, आपसी सहयोग एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में माहेश्वरी महिला समिति की सचिव बिमला फलोर, निवर्तमान अध्यक्ष भारती चितलांगिया, उपाध्यक्ष वंदना मारू, कार्यक्रम संयोजिका खुशबू साबू एवं नेहा साबू की विशेष भूमिका रही। इसके अतिरिक्त सुनीता चितलांगिया, अंजना गट्टानी, लक्ष्मी चितलांगिया, रेखा कल्याणी, रितु लखोटिया, खुशबू भाला एवं आकांक्षा साबू ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर श्री माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष मुकेश काबरा, सचिव मनोज कल्याणी, निवर्तमान अध्यक्ष किशन साबू, कोषाध्यक्ष मनोज काबरा (दामा), माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष उत्सव मंत्री, सचिव हर्षित चितलांगिया तथा रूपेश भाला सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में माहेश्वरी भवन में रहने वाले सभी सदस्यों का भी सराहनीय सहयोग रहा। माहेश्वरी महिला समिति द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण एवं सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बना। सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से संपन्न इस आयोजन ने कन्या सम्मान एवं सनातन संस्कारों के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
|