किरण लड्डा ने किया किशनगढ़ महिला मंडल का दौरा, नई पीढ़ी को संगठन से जोडऩे पर दिया जोर

मदनगंज-किशनगढ़। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री किरण लढ्ढा ने मध्य राजस्थान के अंतर्गत मदनगंज-किशनगढ़ माहेश्वरी महिला मंडल का संगठनात्मक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडल की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए महिला सशक्तिकरण, कार्यकर्ता निर्माण, नई पीढ़ी को संगठन से जोडऩे तथा सामाजिक सेवा कार्यों को निरंतर गति प्रदान करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बहनों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर स्थानीय मंडल अध्यक्ष गायत्री लढ्ढा सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता बहनों ने राष्ट्रीय महामंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

राष्ट्रीय महामंत्री किरण लढ्ढा ने मंडल द्वारा संचालित संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा प्रकल्पों, महिला सशक्तिकरण, संस्कार निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंडल की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में महिला संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संगठित प्रयासों, आपसी सहयोग एवं सेवाभाव से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

कार्यकर्ता बहनों को संबोधित करते हुए किरण लढ्ढा ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सक्रिय, संस्कारित एवं समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। संगठन को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए नई पीढ़ी को संगठन से जोडऩा समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। युवा महिलाओं की ऊर्जा, नवीन सोच और वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव का समन्वय संगठन को नई दिशा एवं गति प्रदान कर सकता है। उन्होंने कार्यकर्ता निर्माण, जिम्मेदारियों के विकेंद्रीकरण, संगठनात्मक समन्वय तथा सेवा गतिविधियों की निरंतरता पर विशेष बल दिया। साथ ही प्रत्येक बहन से अपनी क्षमता, रुचि एवं योग्यता के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक सदस्य को जिम्मेदारी एवं कार्य करने का अवसर मिलना चाहिए, जिससे नेतृत्व क्षमता का विकास हो तथा अधिक से अधिक महिलाएं सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों से जुड़ सकें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के साथ संस्कार, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।

इस अवसर पर मध्य राजस्थान की प्रदेश अध्यक्ष मनीषा बागला ने राष्ट्रीय महामंत्री किरण लढ्ढा का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्थानीय मंडलों के बीच पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेना तथा प्रत्येक सदस्य बहन से प्रत्यक्ष संवाद करना कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने मदनगंज-किशनगढ़ माहेश्वरी महिला मंडल की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि मंडल निरंतर संगठनात्मक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी बहनों से आपसी सहयोग, समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुमन बांगड़, सचिव मोनिका भंसाली, गुंजन मोदानी, मधु लखोटिया, मंजू, शशि छापरवाल, प्रियंका जैथलिया, शोभा लखोटिया, अलका मुंद्रा सहित प्रदेश, जिला एवं स्थानीय महिला संगठन की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बहनें उपस्थित रहीं। सभी ने राष्ट्रीय महामंत्री के मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताते हुए संगठनात्मक गतिविधियों एवं सेवा कार्यों को और अधिक सक्रियता से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय सचिव अनिता छापरवाल ने राष्ट्रीय महामंत्री किरण लढ्ढा, प्रदेश अध्यक्ष मनीषा बागला सहित सभी आगंतुक अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित कार्यकर्ता बहनों का आभार व्यक्त किया।


Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal