कानपुर मे माहेश्वरी प्रीमियर लीग सीजन-11 का आयोजन सम्पन्न

श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल, कानपुर के तत्वावधान में आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग (एमपीएल) सीजन-11 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। मंडल द्वारा पिछले 11 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में इस वर्ष भी खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला लोईवाल जॉइंट्स एवं राठी रॉयल्स के बीच खेला गया, जिसमें लोईवाल जॉइंट्स ने शानदार जीत दर्ज कर सीजन-11 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में इस वर्ष तीन टीमों लोईवाल जॉइंट्स, राठी रॉयल्स एवं शारदा सुपर किंग्स ने भाग लिया। टूर्नामेंट के अंतर्गत लीग मुकाबले शहर के विभिन्न क्रिकेट मैदानों पर आयोजित किए गए। सभी टीमों के खिलाडिय़ों ने खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रात्रि में दूधिया रोशनी के बीच आयोजित किया गया, जिसने आयोजन के आकर्षण को और बढ़ा दिया। फाइनल में लोईवाल जॉइंट्स ने राठी रॉयल्स को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देवांग राठी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

टूर्नामेंट के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। देवांग राठी को उनके शानदार सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, विराट लोईवाल को बैटर ऑफ द टूर्नामेंट, नैतिक करनानी को बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट तथा गौरांग राठी को फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।

इस अवसर पर श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल के अध्यक्ष राकेश मूंधड़ा, मंत्री मयंक लखोटिया, डॉ. मनीष राठी, डायरेक्टर अरविंद झंवर, राघव नोवल, प्रियंक चांडक एवं श्रीकांत बाहेती सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से युवा खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ ही समाज में आपसी सद्भाव, एकता एवं खेल भावना को प्रोत्साहन मिला। मंडल द्वारा लगातार 11 वर्षों से किए जा रहे इस आयोजन ने समाज के युवाओं के बीच अपनी विशेष पहचान स्थापित की है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal