शिक्षा सेवा के लिए रामनरेश सोनी ने दिए 6 लाख रुपये, प्रतिवर्ष दो बच्चों को दत्तक लेकर शिक्षा में सहयोग का लिया संकल्प

नांदेड़। श्री हरिकिशनजी बजाज मेमोरियल . शिक्षण विकास संस्था, नांदेड़ के शैक्षणिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों से प्रभावित होकर नांदेड़ के भूमिपुत्र एवं वर्तमान में लंदन निवासी श्री रामनरेश सोनी ने संस्था को 6 लाख रुपये की सहयोग राशि समर्पित कर समाजसेवा की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिवर्ष दो जरूरतमंद बच्चों को दत्तक लेकर उनकी शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प भी लिया।

श्री रामनरेश सोनी अपने पूज्य पिताजी श्री श्यामसुंदर सोनी के साथ संस्था के पदाधिकारियों से मिलने संस्थाध्यक्ष श्री गोपाललाल लोया के निवास स्थान पर पहुंचे। इस अवसर पर संस्थाध्यक्ष श्री गोपाललाल लोया, सचिव श्री किशनप्रसाद दरक, उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश इनान्नी एवं संचालक श्री आनंद गग्गड़ उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने श्री सोनी को संस्था की कार्यप्रणाली, आय-व्यय एवं लेखा-जोखा सहित संचालित विभिन्न शैक्षणिक तथा सामाजिक सेवा प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेष रूप से संस्था द्वारा संचालित बालक दत्तक योजना के बारे में जानकारी प्राप्त कर श्री रामनरेश सोनी अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए तत्काल 6 लाख रुपये की राशि संस्था को समर्पित की।

इतना ही नहीं, श्री रामनरेश सोनी ने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए सौ. स्नेहलता श्यामसुंदर सोनी एवं सौ. कीर्ति रामनरेश सोनी के नाम से प्रतिवर्ष दो बच्चों को दत्तक लेकर उनकी शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया। उनके इस निर्णय से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने श्री रामनरेश सोनी एवं उनके पूज्य पिताजी श्री श्यामसुंदर सोनी का शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय सम्मान किया। साथ ही शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके परिवार द्वारा दिए गए उदार योगदान की सराहना की।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों के भविष्य को संवारना समाज की सच्ची सेवा है। ऐसे सेवाभावी परिवारों का सहयोग न केवल जरूरतमंद विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है, बल्कि समाज के अन्य सक्षम एवं उदारमना व्यक्तियों को भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देता है।

नांदेड़ की मिट्टी से गहरा जुड़ाव रखने वाले श्री रामनरेश सोनी ने विदेश में निवास करने के बावजूद अपनी जन्मभूमि एवं समाज के प्रति आत्मीयता और सेवा भावना को जीवंत रखा है। उनके परिवार की यह पहल सामाजिक प्रतिबद्धता, उदारता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

श्री हरिकिशन बजाज मेमोरियल माहेश्वरी शिक्षण विकास संस्था, नांदेड़ ने श्री रामनरेश सोनी एवं समस्त सोनी परिवार के इस सराहनीय एवं पुनीत योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनकी सेवाभावना और सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को सादर नमन किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal