जिला माहेश्वरी युवा संगठन, राजसमंद की सत्र 2026-2029 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन

जिला माहेश्वरी युवा संगठन, राजसमंद के सत्र 2026-2029 के जिलाध्यक्ष पद पर राजनगर निवासी मुरलीधर बिहानी को सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित किया गया। माहेश्वरी भवन, राजनगर में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान समाज के युवाओं ने आपसी सौहार्द, एकता एवं संगठन की गौरवशाली परंपराओं का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से नेतृत्व का चयन किया। इसी क्रम में नाथद्वारा निवासी जयेश राठी को सचिव तथा राजनगर निवासी अंकित लढ्ढा को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया।

जिला माहेश्वरी युवा संगठन के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप लढ्ढा ने बताया कि संगठन की चुनाव प्रक्रिया विगत दो माह से संचालित की जा रही थी। संगठन की चुनाव नियमावली के अनुसार जिले के प्रत्येक क्षेत्र का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण किया गया। इसके पश्चात 1 अक्टूबर को विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों से चुनाव अधिसूचना जारी कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप लढ्ढा ने बताया कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अंतर्गत प्रात: 11 बजे प्रदेश चुनाव पर्यवेक्षक मयंक मूंदड़ा एवं सहायक चुनाव अधिकारी राकेश काबरा के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अध्यक्ष पद की निर्धारित अर्हता रखने वाले युवा मतदाताओं से निर्धारित प्रारूप में नामांकन पत्र आमंत्रित किए गए।

निर्धारित समयावधि में अध्यक्ष पद के लिए तीन युवा प्रत्याशियों के नामांकन प्राप्त हुए। चुनाव अधिकारियों द्वारा सभी नामांकन पत्रों की नियमानुसार जांच की गई तथा इसके पश्चात प्रत्याशियों को नाम वापसी के लिए निर्धारित समय प्रदान किया गया।

इसी दौरान समाज के युवाओं ने अपनी स्थापित परंपराओं की मर्यादा बनाए रखते हुए आपसी सौहार्द, सामंजस्य एवं संगठनात्मक एकजुटता की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की। उपस्थित युवाओं ने राजनगर निवासी मुरलीधर बिहानी के नाम पर सर्वसम्मति व्यक्त करते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष पद के लिए समर्थन देने का निर्णय लिया। इसके फलस्वरूप अन्य दोनों प्रत्याशियों ने मुरलीधर बिहानी के समर्थन में अपने नामांकन वापस ले लिए।

नाम वापसी के पश्चात अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन शेष रहने पर मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप लढ्ढा ने मुरलीधर बिहानी को आगामी सत्र 2026-2029 के लिए जिला माहेश्वरी युवा संगठन, राजसमंद का जिलाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। इसके साथ ही सर्वसम्मति से जयेश राठी को सचिव एवं अंकित लढ्ढा को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन की औपचारिक घोषणा के पश्चात मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप लढ्ढा ने उपस्थित युवाओं एवं अतिथियों के समक्ष नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मुरलीधर बिहानी को निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित समाजबंधुओं ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी टीम का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में भगवान महेश की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला माहेश्वरी समाज अध्यक्ष विष्णु गोपाल सोमानी, जिला माहेश्वरी सभा सचिव जगदीश मंडोवरा, प्रादेशिक माहेश्वरी सभा सहसचिव केदारमल न्याती, प्रादेशिक माहेश्वरी सभा कार्यसमिति सदस्य भगवती लाल असावा, जिला माहेश्वरी सभा उपाध्यक्ष अर्जुन लाल लढ्ढा, जिला माहेश्वरी सभा सदस्य हेमंत लढ्ढा, श्री महेश प्रगति मंच अध्यक्ष बृजगोपाल मालू तथा श्री माहेश्वरी सेवा समिति, राजनगर के अध्यक्ष महेंद्र देवपुरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त राजसमंद जिला युवा संगठन के निवर्तमान उपाध्यक्ष अल्पेश असावा, निवर्तमान संयुक्त सचिव जयेश लढ्ढा सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे।

कार्यक्रम में दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन के कोषाध्यक्ष मयंक बंग, संयुक्त सचिव सौरभ लढ्ढा, निवर्तमान जिला युवा उपाध्यक्ष दीपक काबरा, कमलेश बापडोत, मनोज मंडोवरा, डॉ. पंकज राठी, सावन लढ्ढा, निखिल निष्कलंक, उदय अजमेरा, मोहित लढ्ढा, विक्रांत लड्ढा एवं दर्शन लाठी सहित बड़ी संख्या में समाज के युवाओं ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मुरलीधर बिहानी का माल्यार्पण एवं उपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सभी मंचस्थ अतिथियों ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मुरलीधर बिहानी, सचिव जयेश राठी एवं कोषाध्यक्ष अंकित लढ्ढा को निर्विरोध निर्वाचन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने युवाओं द्वारा प्रदर्शित एकजुटता एवं सर्वसम्मति की भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज की उन्नति में युवा शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाजहित में संगठित होकर कार्य करने, युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करते हुए अपना आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मुरलीधर बिहानी ने अपने निर्विरोध निर्वाचन पर समस्त समाजबंधुओं, युवा साथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं चुनाव अधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

बिहानी ने विश्वास दिलाया कि वे सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे तथा जिला कार्यकारी मंडल में जिले के प्रत्येक क्षेत्र का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों में अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, आपसी समन्वय स्थापित करने तथा समाज एवं युवाओं के हितों के संरक्षण और उत्थान के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी युवा साथियों से संगठन की एकता एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखते हुए समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में खुशाल कोठारी, निखिल झंवर, भरत जागेटिया, गौरव मूंदड़ा एवं भावेश सोनी सहित राजसमंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 से अधिक युवाओं एवं समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। युवाओं में नवीन नेतृत्व के निर्वाचन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन जितेन्द्र लढ्ढा ने किया। समापन अवसर पर मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप लढ्ढा ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान करने वाले प्रदेश चुनाव पर्यवेक्षक, सहायक चुनाव अधिकारी, सभी प्रत्याशियों, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, युवा मतदाताओं एवं उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के पश्चात सभी माहेश्वरी बंधुओं ने सामूहिक सहभोज का आनंद लिया। इस प्रकार सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं संगठनात्मक समन्वय के संदेश के साथ निर्वाचन कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal