नाहन में प्रादेशिक माहेश्वरी सभा की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक संपन्न

नाहन (हिमाचल प्रदेश)। हरियाणा-पंजाब-हिमाचल प्रदेश-जम्मू कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के सत्र 31 की प्रथम कार्यसमिति बैठक 3 एवं 4 अक्टूबर को ट्राइसिटी सभा के आतिथ्य में नाहन में संपन्न हुई। प्रादेशिक सभा के इतिहास में यह पहला अवसर रहा, जब हिमाचल प्रदेश में कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई। दो दिवसीय बैठक में विभिन्न जिला सभाओं, महिला एवं युवा संगठनों तथा प्रादेशिक ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित 80 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिमाचल प्रदेश में निवासरत माहेश्वरी समाजबंधुओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

बैठक के अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने अपने संदेश में माहेश्वरी समाज की सामाजिक एवं सेवाभावी गतिविधियों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रदेश अध्यक्ष महेश गट्टानी ने वर्तमान सत्र की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों के दायित्वों की रूपरेखा रखी। उन्होंने सभी जिला सभाओं से आपसी समन्वय, सहयोग एवं एकजुटता के साथ संगठन को सशक्त बनाने तथा समाजसेवा के कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजेंद्र कलंत्री के उत्तरांचल संयुक्त मंत्री निर्वाचित होने पर उनका अभिनंदन किया गया। महासभा कार्यसमिति सदस्य एवं प्रादेशिक सभा के मार्गदर्शक अशोक सोमानी ने अपने संदेश में संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए सभी पदाधिकारियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद बियानी, संगठन मंत्री अनिल माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष प्रमिल कालानी, महिला संगठन अध्यक्ष अनु सोमानी, युवा संगठन अध्यक्ष आदित्य विक्रम राठी तथा प्रादेशिक ट्रस्ट अध्यक्ष ओमप्रकाश राठी सहित प्रदेश सभा के उपाध्यक्षों, संयुक्त सचिवों एवं विभिन्न जिला सभाओं के प्रतिनिधियों ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

ट्राइसिटी सभा अध्यक्ष शिवशंकर राठी एवं कैरियर एकेडमी के अध्यक्ष मनोज राठी ने जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में समाज के प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में नई पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे, वैवाहिक समस्याओं के समाधान, जरूरतमंद परिवारों तक प्रादेशिक ट्रस्ट एवं महासभा की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इन विषयों पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त सदस्यों के आपसी परिचय एवं व्यावसायिक जानकारियों के आदान-प्रदान के माध्यम से व्यापारिक संबंधों को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक एकता के साथ व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने से समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी। बैठक की कार्यवाही का संचालन प्रदेश सचिव जगदीश मंत्री ने किया।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान समाजबंधुओं के बीच आपसी आत्मीयता एवं पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्नेह मिलन, गीत-संगीत एवं पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने रेणुका माता मंदिर, रेणुका झील तथा त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण भी किया।

कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा संगठन एवं समाजसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal