| शरद पूर्णिमा पर जयपुर में होगा भव्य ‘संपूर्ण कार्यसिद्धि एवं महालक्ष्मी यज्ञ’ |
|
|
जयपुर। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर महेश प्रगति क्लब, जयपुर के तत्वावधान में समस्त माहेश्वरी समाज के लिए भव्य ‘संपूर्ण कार्यसिद्धि एवं महालक्ष्मी यज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। जयपुर में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में चेन्नई निवासी आचार्य श्रीनिवासजी श्रीमाली एवं श्री जितेन्द्रजी श्रीमाली के सान्निध्य में संगीतमय वैदिक मंत्रोच्चार, मधुर भजनों तथा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, यज्ञ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। यह विशेष आयोजन रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अभिनंदन भवन, पत्रकार रोड, मानसरोवर, जयपुर में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर माहेश्वरी समाज के परिवारों में विशेष उत्साह है तथा महेश प्रगति क्लब की ओर से तैयारियों को व्यापक स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। महेश प्रगति क्लब के अध्यक्ष श्री दीपक बाहेती ने बताया कि शरद पूर्णिमा का दिन धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए समाज में सुख-समृद्धि, शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं सर्वांगीण उन्नति की मंगलकामना के साथ इस विशेष संपूर्ण कार्यसिद्धि एवं महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाजबंधुओं एवं परिवारों को एक मंच पर जोड़ते हुए सामूहिक रूप से ईश्वर की आराधना करने का भी विशेष अवसर बनेगा। सामूहिक धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक वातावरण के साथ एकता, आपसी सहयोग एवं सद्भाव की भावना भी मजबूत होती है। कार्यक्रम संयोजक श्री महेश परवाल ने बताया कि इस विशेष यज्ञ में सभी माहेश्वरी बंधुओं एवं परिवारों को यजमान के रूप में सहभागिता करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित सहभागी बनकर इस पुण्य आयोजन का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक यज्ञ एवं वैदिक अनुष्ठान में सहभागिता से आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति के साथ समाज में आपसी प्रेम, एकता एवं सद्भाव भी मजबूत होता है। आयोजन का उद्देश्य समाज के अधिकाधिक परिवारों को इस धार्मिक अनुष्ठान से जोड़ना है। क्लब के सचिव श्री शिवम माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन को लेकर माहेश्वरी समाज में विशेष उत्साह बना हुआ है। यज्ञ के दौरान आचार्य श्रीनिवासजी श्रीमाली एवं श्री जितेन्द्रजी श्रीमाली द्वारा संगीतमय वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं यज्ञ की विभिन्न विधियां संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं यजमान परिवारों को सुव्यवस्थित, भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण प्राप्त हो सके। कार्यक्रम कोषाध्यक्ष श्री अरुण लोहिया ने बताया कि यज्ञ में यजमान के रूप में सहभागिता करने के इच्छुक समाजबंधु आयोजन समिति से संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। समिति की ओर से समाज के प्रत्येक परिवार को इस पावन आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में श्रीमती सुमित्रा–श्री सत्यनारायण काबरा (म. न.) मुख्य यजमान के रूप में सहभागिता करेंगे। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए क्लब के अध्यक्ष श्री दीपक बाहेती, सचिव श्री शिवम माहेश्वरी, कार्यक्रम संयोजक श्री महेश परवाल एवं कार्यक्रम कोषाध्यक्ष श्री अरुण लोहिया सहित समिति के सदस्य सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति में श्री अनिल सराड़ा, श्री गोविन्द माहेश्वरी, श्री महेश चांडक, श्री नरेश झंवर, श्री पवन बजाज, श्री सुरेन्द्र काबरा, श्रीमती अनुराधा डागा, श्रीमती प्रिया परवाल, श्रीमती रेखा जागेटिया एवं श्रीमती सुनीता जेथलिया सहित अनेक समाजबंधु कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। महेश प्रगति क्लब, जयपुर ने समस्त माहेश्वरी समाजबंधुओं से इस अनूठे धार्मिक एवं पुण्य आयोजन में परिवार सहित सहभागी बनने, यज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है। |
|
| 06 October 2026 |
| बीकानेर जिला माहेश्वरी सभा अध्यक्ष संजय करनाणी का हुआ स्वागत |