बठिंडा में गूंजा गणपति भक्ति का संदेश, श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक संदेश

माहेश्वरी महिला संगठन, बठिंडा के तत्वावधान में विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश की महिमा को समर्पित एक दिवसीय श्री गणेश महापुराण कथा का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। संगठन की संरक्षिका पूनम राठी के निवास पर आयोजित कथा में बठिंडा के साथ-साथ भुच्चो से भी समाज की सदस्याएं शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने एक ही दिवस में श्री गणेश महापुराण के संपूर्ण सार का आध्यात्मिक श्रवण किया।

कथा का वाचन हरियाणा-पंजाब प्रादेशिक महिला संगठन की भूतपूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुमन जाजू ने किया। उन्होंने भगवान श्री गणेश के जन्म, उनकी महिमा, दिव्य लीलाओं, उपासना, व्रत एवं पूजन तथा जीवन में गणेश तत्व के महत्व को सरल, भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक शैली में प्रस्तुत किया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ सकारात्मक सोच, विवेक, धैर्य और संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

सुमन जाजू ने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, शुभारंभ एवं सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, यदि मनुष्य धैर्य, विवेक और विश्वास के साथ आगे बढ़े तो सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक कथा का वास्तविक उद्देश्य केवल श्रवण करना नहीं, बल्कि उसके संदेश को अपने आचरण और जीवन में उतारना है।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से 'गणपति बप्पा मोरयाÓ के जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण गणेश भक्ति से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

कथा के समापन पर श्रीमती सुमन जाजू ने महिला संगठन की अध्यक्ष, सचिव, निवर्तमान अध्यक्ष, संरक्षिका एवं सभी कार्यकारिणी सदस्यों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर रेवाड़ी से श्रीमती मंजू सोमानी भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री गणेश की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने आयोजन को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि एक ही दिन में श्री गणेश महापुराण के संपूर्ण सार का श्रवण उनके लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव रहा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal