माहेश्वरी क्लब वाराणसी द्वारा स्व. संजय लढ्ढा की स्मृति में इनडोर गेम प्रतियोगिता का आयोजन

माहेश्वरी क्लब वाराणसी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित स्वर्गीय संजय जी लढ्ढा की स्मृति में इनडोर गेम प्रतियोगिता का आयोजन 6 सितंबर को माहेश्वरी भवन में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कैरम, लूडो, सुडोकू, सीक्वेंस, साँप-सीढ़ी एवं शतरंज सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। समाज के बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक सभी आयु वर्ग के सदस्यों ने पूरे दिन खेलों का आनंद लिया।

प्रतियोगिता में समाज के 150 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल एवं यादगार बना दिया। प्रतिभागियों में खेलों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के दौरान माहेश्वरी समाज के वरिष्ठजनों, संस्था के पूर्व अध्यक्षों, महिलाओं एवं बच्चों ने भी विभिन्न खेलों में सहभागिता करते हुए आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सलाहकार राहुल कोठारी एवं लोकेश मूंदड़ा, क्रीड़ा मंत्री सौरभ करनानी एवं गौरव राठी, कार्यक्रम संयोजक अनूप कोठारी, शुभम मारू, हर्ष गट्टाणी एवं गोविंद बागड़ी ने विशेष मेहनत एवं सक्रिय सहयोग किया। सभी के सामूहिक प्रयासों से प्रतियोगिता में उत्साह और मनोरंजन का माहौल बना रहा।

माहेश्वरी क्लब के अध्यक्ष बालकिशन असावा, मंत्री पीयूष लखानी एवं कोषाध्यक्ष शुभम साबू ने प्रतियोगिता के विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में समाज के बच्चों द्वारा घरों में सजाई गई आकर्षक एवं मनमोहक झांकियों का भी सम्मान किया गया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सुंदर झांकियां सजाईं। क्लब की ओर से झांकी सजाने वाले बच्चों एवं परिवारों को सम्मानित कर उनकी रचनात्मकता और धार्मिक भावना का उत्साहवर्धन किया गया।

माहेश्वरी क्लब के इस आयोजन ने समाज में आपसी मेल-जोल, पारिवारिक सहभागिता और खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ बच्चों एवं बड़ों को एक साथ आनंद और मनोरंजन का अवसर प्रदान किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal