| कोयंबटूर माहेश्वरी सुरभि महिला मंडल ने मनाया तीज का सिंजारा |
|
|
|
राजस्थान की लोक संस्कृति और सुहाग परंपरा से जुड़े तीज के सिंजारे का पर्व कोयंबटूर माहेश्वरी सुरभि महिला मंडल द्वारा 29 अगस्त 2026 को माहेश्वरी भवन में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा चंदा सोमानी, ज्योति मेहता, जीवन लता राठी, मरिनाली राठी एवं प्रीति सोमानी की अगुवाई में तैयार की गई। सिंजारा विशेष रूप से विवाहित एवं नवविवाहित महिलाओं के लिए स्नेह और सौभाग्य का पर्व माना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने मेहंदी लगाई, पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर उत्सव का आनंद लिया। सिंजारे में मायके से मिलने वाली मेहंदी, मिठाई, वस्त्र, चूडिय़ां एवं श्रृंगार सामग्री बेटी के प्रति माता-पिता के स्नेह और सुखी दांपत्य जीवन की मंगलकामना का प्रतीक मानी जाती है। कार्यक्रम के दौरान कोयंबटूर माहेश्वरी समाज की बुजुर्गों से लेकर युवा महिलाओं तक ने विभिन्न खेलों एवं नृत्य प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिशा राठी ने नृत्य एवं खेलों का संचालन करते हुए सभी का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजन के अंत में सभी के लिए भोजन की सुंदर व्यवस्था की गई। महिलाओं ने पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम प्रेम, उत्साह और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
|
|
| 31 August 2026 |
| कोयंबटूर माहेश्वरी सुरभि महिला मंडल ने मनाया तीज का सिंजारा |