| इंदौर में सम्पन्न हुई अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की प्रथम राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक 'स्वर्णोदय-2026' |
|
|
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन के चतुर्दश स्वर्णिम सत्र की प्रथम राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक 'स्वर्णोदय-2026' का आयोजन 6 एवं 7 अगस्त 2026 को इंदौर में भव्य, सुव्यवस्थित, प्रेरणादायी एवं प्रशिक्षणमूलक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से महिला संगठन की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक विकास, नेतृत्व क्षमता, सेवा, स्वास्थ्य, तकनीकी संचार एवं युवा सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक से पूर्व 5 अगस्त को इंदौर जिले के 9 क्षेत्रीय संगठनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। पश्चिमी मध्य प्रदेश एवं इंदौर जिला संगठन की ओर से राष्ट्रीय पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया गया। लगभग 300 बहनों की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती ज्योति राठी एवं महामंत्री श्रीमती किरण लढ्ढा सहित सम्माननीय अतिथियों ने संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर मध्यांचल उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता बियानी ने 'नेतृत्व की उड़ान' विषय पर पैनल डिस्कशन के माध्यम से प्रभावी कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्रस्तुत किया। साथ ही औद्योगिक मेले का उद्घाटन किया गया। संगठन के 50 वर्षों में प्रकाशित साहित्य, पत्रिकाओं, विधान एवं प्रशासनिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
6 अगस्त को प्रात: 9:30 बजे मंच पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ हुआ। माहेश्वरी स्कूल की किशोरियों द्वारा प्रस्तुत शिव वंदना तथा इंदौर जिले की 9 क्षेत्रीय अध्यक्षों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय समिति प्रभारियों एवं स्थायी प्रकल्प अध्यक्षों का सम्मान भी किया गया। महामंत्री श्रीमती किरण लढ्ढा ने बैठक का संचालन करते हुए सदन का अभिनंदन किया तथा कार्यसमिति बैठक का औपचारिक शुभारंभ किया। दिवंगत स्वजनों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती ज्योति राठी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में संगठन के उज्ज्वल भविष्य के लिए दूरदर्शिता, दायित्वों के प्रति समर्पण एवं चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के संतुलन को संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके बाद महामंत्री श्रीमती किरण लढ्ढा ने सचिवीय प्रतिवेदन, कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदानी ने आय-व्यय विवरण तथा संगठन मंत्री श्रीमती अनीता जावंधिया ने संगठनात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संरक्षक माँ रत्नी देवी काबरा ने युवा शक्ति को संगठन से जोडऩे का आह्वान किया। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती आशा माहेश्वरी ने राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक समन्वय को संगठन की शक्ति बताया। वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती मंजू बांगड़ ने पारदर्शिता, एकात्मता एवं दूरदर्शिता को पावन नर्मदा की तीन धाराओं की उपमा देते हुए संगठन की तीन प्रमुख आधारशिलाएं बताया। कार्यसमिति बैठक में महिला पत्रिका, महिला सेवा ट्रस्ट एवं विधान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां क्रमश: श्रीमती उर्मिला कलंत्री, श्रीमती ललिता मालपानी एवं श्रीमती मंगल मर्दा द्वारा प्रस्तुत की गईं। 'शक्ति वंदन सम्मान' के अंतर्गत श्रीमती प्रियंका बाहेती एवं श्रीमती उमा झंवर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण नई पहलों का लोकार्पण एवं विमोचन हुआ। स्वर्णिम पर्व एवं अध्यात्म समिति द्वारा निर्मित 'सद्गुण वाटिका कैलेंडर' का विमोचन किया गया। स्वर्णिम गठबंधन समिति द्वारा बायोडाटा आदान-प्रदान के लिए तैयार की गई संगठन की नई वेबसाइट का लोकार्पण हुआ। स्वर्णिम तकनीकी संचार समिति द्वारा तैयार 'संचार एक्सप्रेस' के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया। वहीं नई समिति प्रोफेशनल फोरम द्वारा प्रोफेशनल बहनों के डाटा कलेक्शन के लिए तैयार किए गए गूगल फॉर्म का भी विमोचन किया गया। महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष श्री मधुसूदन गांधी ने 'साथी हाथ बढ़ाना' विषय पर प्रेरक कार्यशाला प्रस्तुत की। द्वितीय सत्र में 'नींव से नक्षत्र तक—स्वर्णिम संवाद' के माध्यम से संगठन की 50 वर्षों की गौरवगाथा को रोचक प्रश्नोत्तर शैली में प्रस्तुत किया गया। इस सत्र का संचालन नेतृत्व की चार जोडिय़ों के साथ श्रीमती गिरिजा सारडा एवं श्रीमती मधु राठी ने प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया। प्रादेशिक पदाधिकारियों ने प्रत्येक अंचल की एक-एक टीम बनाकर 'टीम मेकिंग एवं टास्क टेकिंग' प्रतियोगिता को प्रशिक्षण का सुंदर माध्यम बनाया। संगठन की 11 समितियों ने आगामी तीन वर्षों की अपनी कार्ययोजनाएं सदन के समक्ष प्रस्तुत कीं। आयोजक संस्था की ओर से भव्य एवं संदेशात्मक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात आयोजित रात्रिकालीन 'मस्ती की पाठशाला' ने सभी बहनों को आनंदित किया और आयोजन में उत्साह एवं आत्मीयता का वातावरण बना दिया। 7 अगस्त को स्वर्णिम आरोग्यम समिति की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण, बोन डेंसिटी टेस्ट, सीपीआर डेमो एवं प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पूरे भारत में स्वास्थ्य जांच पर छूट प्राप्त करने के उद्देश्य से समिति प्रभारी डा. अल्पना लड्ढा द्वारा डिस्काउंटेबल कार्ड भी उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने वाले आयोजक संस्था के कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। प्रशिक्षक श्री राजेश चांडक ने 'अहम् ब्रह्मास्मि' कार्यशाला के माध्यम से आत्मविकास एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का अमूल्य प्रशिक्षण प्रदान किया। राष्ट्रीय स्तर पर पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन सत्र में दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यसमिति बैठक पर आधारित विशेष प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। डा. अनुराधा जाजू ने सदन से प्रश्न पूछे, जिनका बहनों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। उनकी सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे आयोजन के प्रशिक्षणमूलक उद्देश्य को सार्थक किया। इस अवसर पर यह भावना विशेष रूप से साकार होती दिखाई दी कि—'हर बहन लर्नर बनकर आई और ट्रेनर बनकर गई।' अंत में मध्यांचल संयुक्त मंत्री श्रीमती भारती राठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने राष्ट्रीय पदाधिकारियों, आयोजक संस्था, सभी समितियों, प्रशिक्षकों एवं सहभागी बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की प्रथम राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक 'स्वर्णोदय-2026' इंदौर में समयबद्धता, अनुशासन, संगठनात्मक समन्वय, प्रशिक्षण, सेवा एवं आत्मीयता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। आयोजन ने संगठन के स्वर्णिम अतीत को स्मरण करने के साथ-साथ आगामी वर्षों के लिए नई कार्ययोजनाओं, नई तकनीकी पहलों और सशक्त महिला नेतृत्व की दिशा भी स्पष्ट की। यह जानकारी महामंत्री श्रीमती किरण लढ्ढा द्वारा प्रदान की गई।
|