| राष्ट्रपति भवन में बिगनैनो की संस्थापक कोमल अश्विन कलंत्री सम्मानित |
|
|
बिगनैनो (Bignano) की संस्थापक श्रीमती कोमल अश्विन कलंत्री को पशुधन एवं पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर किए गए उत्कृष्ट नवाचार के लिए भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल बिगनैनो के लिए, बल्कि देश के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण नवाचार की शक्ति के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है। नीति आयोग द्वारा देशभर से किए गए कठोर चयन एवं बहु-स्तरीय स्क्रीनिंग के बाद 26 उत्कृष्ट नवाचारों का चयन किया गया था। इनमें पशुधन एवं पशु स्वास्थ्य (Livestock & Animal Health) श्रेणी में बिगनैनो एकमात्र स्टार्टअप था, जिसे यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ। विशेष उपलब्धि यह रही कि इसी श्रेणी से देशभर में चयनित बिगनैनो को राष्ट्रपति भवन में माननीय राष्ट्रपति के समक्ष अपने कार्य एवं नवाचार को प्रस्तुत करने का विशेष अवसर भी मिला। बिगनैनो द्वारा विकसित आधुनिक डायग्नोस्टिक तकनीकें पशुओं के स्वास्थ्य की समय पर जांच, रोगों की शीघ्र पहचान तथा गर्भावस्था की समय रहते पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन तकनीकों का उद्देश्य पशुपालकों को अधिक सुलभ, विश्वसनीय और समयबद्ध पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी सकारात्मक प्रभाव डाला जा सके। सम्मान के अवसर पर माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने बिगनैनो के कार्य एवं नवाचार की सराहना की और इस तकनीक का लाभ देश के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले किसानों एवं पशुपालकों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती कोमल अश्विन कलंत्री ने इस उपलब्धि को केवल बिगनैनो का सम्मान न बताते हुए इसे देश के करोड़ों किसानों एवं पशुपालकों, ग्रामीण नवाचार की शक्ति, अपनी पूरी टीम, सहयोगियों तथा उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने बिगनैनो के सफर पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान टीम के लिए नई ऊर्जा और जिम्मेदारी लेकर आया है। बिगनैनो का संकल्प है कि आधुनिक पशु स्वास्थ्य एवं डायग्नोस्टिक तकनीकों को देश के प्रत्येक पशुपालक तक पहुंचाया जाए, ताकि समय पर जांच और उपचार के माध्यम से पशुधन का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके। राष्ट्रपति भवन में मिला यह सम्मान भारत में जमीनी स्तर के नवाचार, महिला उद्यमिता और कृषि-पशुपालन क्षेत्र में तकनीकी समाधान की बढ़ती भूमिका का उल्लेखनीय उदाहरण है। बिगनैनो की यह उपलब्धि देश के उन नवप्रवर्तकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो ग्रामीण भारत की वास्तविक समस्याओं का तकनीक के माध्यम से समाधान तलाश रहे हैं। |