श्री माहेश्वरी महिला मंडल चेन्नई ने संस्कृत विद्यार्थियों को कराया स्नेहभोज, स्टेशनरी व आर्थिक सहयोग भी किया

श्री माहेश्वरी महिला मंडल चेन्नई द्वारा मद्रास संस्कृत कॉलेज में अध्ययनरत लगभग 50 विद्यार्थियों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। मंत्रों की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण और भारतीय संस्कृति की सुगंध से ओत-प्रोत हो उठा।

भोजन उपरांत सभी विद्यार्थियों का तिलक कर उन्हें दक्षिणा एवं एक-एक वाटर बोतल भेंट की गई। इस आत्मीय सेवा से विद्यार्थियों के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे और मंडल की सेवा भावना की सभी ने सराहना की।

इसी अवसर पर परिसर स्थित राम रत्नम भारतीयम संस्कृत माध्यम विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई तथा विद्यालय को सहयोग स्वरूप आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। संस्कृत का अध्ययन कर रही छोटी-छोटी बालिकाओं का उत्साह और संस्कार देखकर उपस्थित सभी जन भावविभोर हो उठे तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा पर गर्व व्यक्त किया। इस सेवा कार्य के सफल आयोजन में श्रीमती ग्रीष्मा राठी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। उनके समर्पण, सूझबूझ और अथक प्रयासों से संपूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में श्री माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती ममता बागड़ी, समिति सदस्य श्रीमती रेखा काबरा एवं श्रीमती श्रीकांता मोहता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में मंडल की सचिव कुसुम मालपानी ने सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा, शिक्षा और संस्कारों के संवर्धन के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे। 

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal