रामनगर में महेश नवमी पर सेवा और श्रद्धा का संगम, राहगीरों को वितरित किया शरबत व हलवा

माहेश्वरी समाज, रामनगर द्वारा महेश नवमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भावना के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर समाज के महिला एवं पुरुष सदस्यों ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव एवं माता पार्वती के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं पुरुष सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गोसेवा की।

इसके पश्चात राजीव गांधी रोड पर राहगीरों के लिए शीतल शरबत एवं हलवे के प्रसाद का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य का लोगों ने भरपूर लाभ उठाया और समाज की इस पहल की सराहना की। दोपहर तक बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत एवं प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान माहेश्वरी समाज के सदस्यों ने सेवा को ही सच्ची उपासना बताते हुए समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महेश नवमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के साथ सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में राजीव माहेश्वरी, उमंग माहेश्वरी, रमन माहेश्वरी, विनय माहेश्वरी, बब्बल माहेश्वरी, मनोज माहेश्वरी, मदन माहेश्वरी, दीपू अंकुश, संजीव तथा मनन लखोटिया सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal