संस्कारमयी परिवार साधना में गूंजी भक्ति, संस्कार और राष्ट्रभावना

श्री माहेश्वरी सेवा समिति, श्रीगंगानगर के तत्वावधान में आयोजित संस्कारमयी परिवार साधना कार्यक्रम भक्ति, संस्कार एवं राष्ट्रभावना का प्रेरणादायी संगम बन गया। प्रसिद्ध भजन प्रवक्ता एवं प्रेरक वक्ता श्री नंदलाल जोशी ने अपने मधुर भजनों, प्रेरक प्रसंगों एवं जीवन मूल्यों से ओत-प्रोत विचारों के माध्यम से परिवारों में संस्कारों के संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री महेश एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री नंदलाल जोशी, विभाग प्रचारक श्री अशोक जी, श्री माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष श्री महेश कुमार नढ़ानी, सचिव डॉ. अजीत सोमानी तथा उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री मनोज चितलांगिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री महेश के समक्ष प्रत्येक परिवार में प्रेम, सद्भाव, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में श्री नंदलाल जोशी ने कहा कि वर्तमान भौतिकतावादी दौर में परिवारों के भीतर संवाद, आत्मीयता और संस्कारों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि श्रेष्ठ जीवन जीने की पद्धति है, जो परिवार को जोड़ती है, समाज को सशक्त बनाती है और राष्ट्र को उन्नति के पथ पर अग्रसर करती है। उनके भावपूर्ण भजनों एवं प्रेरक प्रसंगों ने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान श्री रुकमानन्द गोयल ने श्री नंदलाल जोशी का परिचय कराया। समिति की ओर से अध्यक्ष श्री महेश कुमार नढ़ानी, सचिव डॉ. अजीत सोमानी, सहसचिव श्री रमेश बिहानी तथा संगठन एवं प्रचार मंत्री श्री राजेश चांडक ने श्री नंदलाल जोशी का उपरना ओढ़ाकर, श्रीफल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मान किया। विभाग प्रचारक श्री अशोक जी का भी उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

समापन अवसर पर अध्यक्ष श्री महेश कुमार नढ़ानी ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पारिवारिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजीत सोमानी ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप ठंडाई वितरित की गई।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal