| स्विट्जरलैंड के जिनेवा में सलूम्बर के अर्चित कचोरिया ने बढ़ाया मान |
|
|
|
सलूम्बर के युवा अर्चित कचोरिया ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित वल्र्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के प्रतिष्ठित 'ग्लोबल शेपर्स एनुअल समिट' में उदयपुर हब का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। अर्चित ने वैश्विक मंच पर वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy), तकनीकी नवाचार (Technical Innovation) और सतत विकास (Sustainable Development) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। अर्चित कचोरिया, सलूम्बर निवासी राकेश कचोरिया के सुपुत्र हैं। उन्होंने समिट के विभिन्न तकनीकी एवं संवादात्मक सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए उदयपुर हब का नेतृत्व किया। उनके विचारों और प्रस्तुतिकरण को विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों ने सराहा। वल्र्ड इकोनॉमिक फोरम द्वारा आयोजित ग्लोबल शेपर्स एनुअल समिट विश्व के सबसे प्रतिष्ठित युवा नेतृत्व सम्मेलनों में से एक माना जाता है। इस सम्मेलन में 150 से अधिक देशों के 450 से ज्यादा युवा प्रतिनिधि अपने-अपने शहरों और हब का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक चुनौतियों, नवाचार, नेतृत्व, जलवायु परिवर्तन, सामाजिक विकास और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर मंथन करते हैं तथा उनके व्यावहारिक समाधानों पर विचार-विमर्श करते हैं। इस वर्ष आयोजित समिट में अर्चित कचोरिया ने विशेष रूप से वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने, तकनीकी नवाचारों के प्रभावी एवं समावेशी उपयोग तथा सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने युवा नेतृत्व की भूमिका, सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय स्तर पर वैश्विक सोच के साथ कार्य करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। अंतरराष्ट्रीय मंच पर अर्चित के प्रभावशाली प्रतिनिधित्व ने न केवल उदयपुर हब, बल्कि सलूम्बर एवं राजस्थान का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
|