| बालोतरा में महेश नवमी महोत्सव का भव्य समापन, कलश शोभायात्रा और शिव तांडव ने मोहा मन |
|
|
माहेश्वरी समाज बालोतरा द्वारा आयोजित चार दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का समापन गुरुवार को श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के वातावरण में हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा, आकर्षक धार्मिक झांकियों, शिव तांडव नृत्य, ऊंट-घोड़ों, ढोल-नगाड़ों एवं डीजे की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा को समाज अध्यक्ष राधेश्याम राठी एवं सचिव दिनेश पुंगलिया ने समाज भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीली साड़ी धारण कर सिर पर मंगल कलश रखे, जबकि पुरुष श्वेत परिधान में बैंड-बाजों की मधुर धुन पर भगवान शिव के भजनों का गुणगान करते हुए शामिल हुए। अध्यक्ष राधेश्याम राठी ने बताया कि शोभायात्रा में शिव-पार्वती दरबार, राधा-कृष्ण, तिरुपति बालाजी की मनोहारी झांकियों के साथ प्रस्तुत शिव तांडव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। ऊंट, घोड़े, ढोल और डीजे ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। समाज सचिव दिनेश पुंगलिया ने बताया कि शोभायात्रा समाज भवन से प्रारंभ होकर डागा हॉस्पिटल, शिव मंदिर, अंडर ब्रिज, नयापुरा, गौर का चौक, रामदेव मंदिर एवं गायत्री चौक से होते हुए पुन: समाज भवन पहुंची, जहां महाप्रसादी का आयोजन किया गया। यात्रा मार्ग में शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा विभिन्न स्थानों पर शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई। युवा संगठन अध्यक्ष भरत पुंगलिया एवं सचिव दीपक करनानी ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें समाज के सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला मंडल सचिव कीर्ति बाहेती ने बताया कि म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में जसराज तापडिय़ा प्रथम एवं नरपत कपूरिया द्वितीय रहे, जबकि महिला वर्ग में संगीता तापडिय़ा ने प्रथम तथा पूजा हेडा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष राधेश्याम राठी एवं सचिव दिनेश पुंगलिया ने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा एवं संगठन की भावना को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोडऩे का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में सचिव दिनेश पुंगलिया ने समाज का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक उपलब्धियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में पहली बार 75 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष एवं महिलाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया, जिसे समाज ने गौरवपूर्ण पहल के रूप में सराहा। तहसील अध्यक्ष भंवरलाल चांडक एवं सचिव पुखराज राठी ने भी समाज के विकास, संगठन एवं सामाजिक उत्थान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन सायंकाल आयोजित महाआरती एवं महाप्रसादी के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों समाजबंधुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अशोक डांगरा, आशाराम दिग्गा, हरिराम भूतड़ा, रामकिशन करनानी, रामेश्वर भूतड़ा, रमेश टावरी, सुनील राठी, गंगाविशन कपूरिया, रूपचंद मालानी, डॉ. कमल मूंदड़ा, शिव कुमार राठी, अमित हेडा, प्रवीण पुंगलिया, जितेन्द्र मंत्री, डूंगरचंद दिग्गा, जगदीश राठी, कैलाश तापडिय़ा, हंसराज टावरी, मांगीलाल चांडक, पुखराज कपूरिया, घनश्याम मालानी, कन्हैयालाल चांडक सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कैलाश तापडिय़ा ने किया तथा अंत में समाज अध्यक्ष राधेश्याम राठी एवं सचिव दिनेश पुंगलिया ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। |