माहेश्वरी युवा संगठन मेरठ ने किया 100 से अधिक पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी युवा संगठन के तत्वावधान में माहेश्वरी युवा संगठन मेरठ द्वारा 13 जुलाई 2026 को एक पौधा एक संकल्प, हरियाली से उज्ज्वल भविष्य अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 7 बजे मयूर विहार फेज-2, शास्त्री नगर स्थित पार्क से हुआ। इसके पश्चात प्रात: 8 बजे माहेश्वरी सदन, बिजली बम्बा बाईपास, हापुड़ रोड, 8:30 बजे सुपरटेक पाम ग्रीन, गेट नं. 1, 9 बजे न्यू शम्भू नगर पार्क, दिल्ली रोड तथा 9:30 बजे तिरंगा पार्क, मानसरोवर गार्डन, दिल्ली रोड पर वृक्षारोपण किया गया। सभी स्थानों पर समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के प्रबुद्धजनों ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढिय़ों के लिए जीवन का अमूल्य उपहार है। सभी ने यह संकल्प लिया कि धरती को हरित, स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के लिए वृक्षारोपण जैसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए श्रमदान किया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी युवा संगठन श्री पंकज गांधी, श्री प्रमोद केला, श्री बी.सी. माहेश्वरी, श्री हेमंत सांवल, श्री राकेश ढक, श्री दीपक मूना, श्री सुनील राठी, श्री शिवराज मूना, श्री पवन लाहोटी, श्री हरी मूना, श्रीमती सुनीता मूना, श्रीमती दीपाली माहेश्वरी, श्रीमती अलका सांवल, श्रीमती आशा राठी, श्रीमती प्रिया माहेश्वरी सहित माहेश्वरी समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में माहेश्वरी युवा संगठन मेरठ के अध्यक्ष सौरभ चांडक, महामंत्री राजीव मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष आदित्य शारदा सहित आशीष सांवल, आयुष मूना, सचिन लाहोटी, शरद भट्टर, आकाश सांवल, सागर ढक, शिवम् केला, अंकित मूंदड़ा, रोहित भट्टर, सुमित कोठारी, विभोर, दीपक, रिदम एवं अन्य युवा कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सौरभ चांडक ने सभी उपस्थित समाजबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal