जयपुर में महेश नवमी महापर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न

लगभग 5159 वर्ष पूर्व भगवान महेश के आशीर्वाद से स्थापित माहेश्वरी समाज का उत्पत्ति दिवस महेश नवमी महापर्व जयपुर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री माहेश्वरी समाज, जयपुर द्वारा आयोजित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समाज अध्यक्ष उमेश सोनी ने बताया कि महोत्सव का शुभारम्भ भगवान महेश की पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं विशेष श्रृंगार से हुआ। दिनभर चले कार्यक्रमों में समाज के वरिष्ठजनों, महिला मंडल, युवा एवं बालक-बालिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।

महेश नवमी महोत्सव के संयोजक अंकित परवाल एवं कोषाध्यक्ष सुमित काबरा ने बताया कि आयोजन की सफलता में समाज के सभी प्रकोष्ठों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समाज महामंत्री सीए. रोहित परवाल ने बताया कि महापर्व का प्रमुख आकर्षण भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा रही, जो सायं 5:15 बजे माहेश्वरी गल्र्स पब्लिक स्कूल, विद्याधर नगर से प्रारम्भ होकर अग्रसेन पार्क, मॉल रोड, सेंट्रल स्पाइन एवं नेशनल हैंडलूम मार्ग से होते हुए श्री माहेश्वरी समाज जनोपयोगी उत्सव भवन पहुँची। शोभायात्रा में सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान महेश की आकर्षक झांकी, बैंड-बाजे, धार्मिक ध्वज, महिला एवं युवा मंडल की सहभागिता तथा समाज बंधुओं की भारी उपस्थिति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं समाज बंधुओं ने भगवान महेश की आरती उतारकर पुष्पवर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, ठंडाई एवं अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती ज्योति माहेश्वरी की प्रेरणा से माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति पर आधारित विशेष फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। इसी अवसर पर समाज को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में श्री माहेश्वरी समाज, जयपुर के मोबाइल ऐप का भी विधिवत विमोचन किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि राजसमंद विधायक श्रीमती दीप्ति किरण माहेश्वरी ने समाज को महेश नवमी की शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में श्री माहेश्वरी समाज, जयपुर द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों की सराहना की। उन्होंने समाज की एकजुटता एवं सेवा भावना को अनुकरणीय बताया।

समारोह में समाज के सेवा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी भी दी गई। साथ ही महत्वाकांक्षी माहेश्वरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (MIMS) परियोजना की प्रगति से समाज को अवगत कराया गया। बताया गया कि परियोजना के लिए एयरपोर्ट क्लियरेंस, पर्यावरणीय स्वीकृति एवं जेडीए की आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त हो चुकी हैं। आर्किटेक्ट्स की शॉर्टलिस्टिंग पूर्ण हो चुकी है तथा बेसिक डिज़ाइन अंतिम चरण में है। आवश्यक शासकीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारम्भ किए जाने की योजना है।

इस अवसर पर समाज में निस्वार्थ सेवा, महेश नवमी अर्थ-संग्रहण तथा विशिष्ट योगदान के लिए गोवर्धन लड्ढा, राजेन्द्र मालपानी एवं रमेश परवाल को सेवा शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया गया। उपस्थित समाज बंधुओं ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन-प्रसाद के साथ हुआ, जिसमें हजारों समाज बंधुओं ने सहभागिता कर सामाजिक एकता, संगठन एवं भाईचारे का संदेश दिया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal