| संगठन आपके द्वार की मिसाल बना भडगांव का ऐतिहासिक महेश नवमी उत्सव |
|
|
भडगांव तहसील माहेश्वरी सभा द्वारा इस वर्ष महेश नवमी उत्सव का आयोजन एक अनूठे एवं प्रेरणादायी स्वरूप में किया गया। तहसील के अंतर्गत आने वाले मात्र 2-3 हजार की जनसंख्या वाले छोटे से ग्रामीण गांव वडजी को इस बार उत्सव का केंद्र बनाया गया। विशेष बात यह रही कि इस गांव में माहेश्वरी समाज का केवल एक ही परिवार—श्री नितीन जगन्नाथ झंवर एवं उनकी धर्मपत्नी—निवास करते हैं। भडगांव तहसील के लगभग 70 माहेश्वरी परिवारों के 150 से अधिक महिला-पुरुष एवं युवा वडजी गांव में एकत्रित हुए और छोटे से गांव में मेले जैसा भव्य वातावरण निर्मित कर महेश नवमी का उत्सव मनाया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि 'माहेश्वरी समाज का कोई भी परिवार कहीं भी अकेला नहीं है, पूरा समाज उसके साथ खड़ा है।Ó कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जलगांव जिला माहेश्वरी सभा के संगठन मंत्री श्री सुनिल मुरलीधर मानुधने एवं विभागीय उपाध्यक्ष श्री भूषण थेपडे उपस्थित रहे। उनके साथ भडगांव तहसील माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाहेती, सचिव श्री शैलेश तोतला, उपाध्यक्ष श्री सुनील राठी तथा अन्य पदाधिकारी श्री नितीन झंवर, श्री मनोज न्याती, श्री राजेश न्याती, डॉ. सुधीर बाहेती, महिला प्रतिनिधि श्रीमती सीमा बिर्ला एवं श्रीमती सुशीला तोतला सहित जिला सभा, प्रदेश सभा एवं तहसील क्षेत्र के अनेक समाजजन उपस्थित रहे। अपने संबोधन में संगठन मंत्री श्री सुनिल मानुधने ने कहा कि पिछले 25 वर्षों के संगठनात्मक अनुभव और विभिन्न समाज पत्रिकाओं के अध्ययन के आधार पर वे विश्वासपूर्वक कह सकते हैं कि भारतवर्ष में संभवत: यह पहला अवसर है जब किसी एकल माहेश्वरी परिवार वाले गांव में इतने बड़े स्तर पर महेश नवमी का आयोजन किया गया हो। उन्होंने इसे संगठन आपके द्वार अभियान की सच्ची मिसाल बताते हुए कहा कि समाज को सशक्त बनाने के लिए ऐसे नवाचारपूर्ण प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इतने सुंदर कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होना उनका सौभाग्य है। साथ ही सम्मान एवं आत्मीय सत्कार के लिए उन्होंने आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि जलगांव जिला माहेश्वरी सभा अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा की अग्रणी जिला सभाओं में से एक है, जो समय-समय पर नवाचार एवं प्रयोगात्मक कार्यक्रमों के लिए जानी जाती है। भडगांव तहसील का यह प्रयास सम्पूर्ण माहेश्वरी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है और यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति एवं संगठन भावना के बल पर किसी भी छोटे गांव में बड़े एवं प्रभावी सामाजिक आयोजन किए जा सकते हैं।
|