महेश नवमी पर कोयंबटूर माहेश्वरी समाज के सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम संपन्न

महेश नवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में कोयंबटूर माहेश्वरी समाज द्वारा माहेश्वरी भवन में विविध धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

दिन की शुरुआत प्रात: आयोजित पतंजलि योग शिविर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

इसके पश्चात प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 87 मरीजों की नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रात: 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। रुद्राभिषेक के पश्चात महाप्रसाद का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के सभी लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रमों के सफल आयोजन में माहेश्वरी युवा परिषद एवं माहेश्वरी सुरभि महिला मंडल की विशेष भूमिका रही। दोनों संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

महेश नवमी के अवसर पर आयोजित इन सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों ने समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal