| श्रीगंगानगर में महेश नवमी पर शिव आराधना, भजन संध्या और सामूहिक भोज में उमड़ा समाज |
|
|
श्रीगंगानगर में माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति दिवस श्री महेश नवमी के पावन अवसर पर आयोजित सात दिवसीय सेवा, धर्म एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला का भव्य समापन हुआ। दिनभर आयोजित पूजा-अर्चना, दुग्धाभिषेक, लोकार्पण, सीपीआर जागरूकता कार्यक्रम एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों के बाद सायंकाल भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान महेश की महिमा का गुणगान हुआ। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रात: श्री माहेश्वरी भवन में भगवान महेश, माता पार्वती एवं शिव परिवार की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात हनुमानगढ़ रोड स्थित श्री जगदंबा अंध विद्यालय परिसर के शिव मंदिर में भगवान महेश का दुग्धाभिषेक किया गया। वहीं गुरुनानक बस्ती डिस्पेंसरी में श्री माहेश्वरी महिला समिति द्वारा समाजसेवा के उद्देश्य से वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। सायंकाल श्री माहेश्वरी भवन के वातानुकूलित सभागार में आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ भगवान महेश के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रमेश चितलांगिया, विशिष्ट अतिथि दीनदयाल कल्याणी, श्री माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष महेश कुमार नढ़ानी तथा समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भजन संध्या में कलाकारों ने 'रुद्राष्टकम', 'डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा', 'हे शंभू बाबा मेरे भोलेनाथ' एवं 'पार्वती बोली शिव शंकर से' जैसे लोकप्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान महेश के जयघोष करते रहे। कार्यक्रम के दौरान श्री माहेश्वरी प्रोफेशनल सेल के अध्यक्ष डॉ. आदित्य पेडि़वाल के नेतृत्व में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवनरक्षक सीपीआर देने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इको-फ्रेंडली कपड़े के बैग भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने सामूहिक भोज में सहभागिता कर महेश नवमी महोत्सव का समापन किया। सात दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में श्री माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष महेश कुमार नढ़ानी, उपाध्यक्ष एवं संयोजक श्यामसुंदर करवा, सचिव डॉ. अजीत कुमार सोमानी, सहसचिव रमेश कुमार बिहाणी, सहसंयोजक एवं संगठन-प्रचार मंत्री तथा योजना एवं क्रियान्वयन मंत्री राजेश कुमार चांडक, देवराज मोहता, मदनगोपाल भूतड़ा सहित समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत बिन्नाणी ने किया।
|