भरतपुर में पांच दिवसीय श्री महेश नवमी महोत्सव का शुभारंभ, प्रथम दिन हुआ अन्नदान

माहेश्वरी मंडल समिति, जिला भरतपुर के तत्वावधान में पांच दिवसीय माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस श्री महेश नवमी समारोह का शुभारंभ सेवा और परोपकार के संदेश के साथ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिवस पर अन्नदान महादान की भावना को साकार करते हुए जरूरतमंदों के लिए विशेष प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया।

श्री सुधीर माहेश्वरी, सुपुत्र श्री लक्ष्मी नारायण माहेश्वरी के सौजन्य से आरबीएम अस्पताल के समीप स्थित श्री अन्नपूर्णा रसोई, भरतपुर में लगभग 200 जरूरतमंद लोगों को खीर, पूड़ी, आलू-राजमा की सब्जी एवं दाल की प्रसादी प्रेमपूर्वक वितरित की गई।

इस अवसर पर श्री अन्नपूर्णा रसोई के संचालक श्री विष्णु दत्त शर्मा ने जिलाध्यक्ष ओ.पी. माहेश्वरी सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज समय-समय पर ऐसे सेवा कार्यों का आयोजन कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय देता है, जो अत्यंत पुण्यदायी कार्य है।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ओ.पी. माहेश्वरी, महामंत्री मुकेश कुमार माहेश्वरी, उपाध्यक्ष ललित कुमार माहेश्वरी, लक्ष्मी नारायण माहेश्वरी, राज किशोर माहेश्वरी, प्रह्लाद, सुमन, मनीषा, रेखा एवं रचना माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। पांच दिवसीय महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal