भीलवाड़ा में 22 जून को होगा शोधपरक फिल्म ‘माहेश्वरी वंशोदय’ का भव्य विमोचन
भीलवाड़ा। माहेश्वरी समाज की ऐतिहासिक जड़ों, सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक उत्पत्ति पर आधारित शोधपरक फिल्म ‘माहेश्वरी वंशोदय’ का भव्य विमोचन आगामी 22 जून 2026 (सोमवार) को भीलवाड़ा के हरनी महादेव रोड स्थित रामेश्वरम भवन में किया जाएगा। महेश नवमी की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
श्रीनगर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष केदार मल जागेटिया ने बताया कि समाजसेवी एवं शोधकर्ता चंद्र मोहन शारदा द्वारा निर्मित यह लगभग 20 मिनट की शोधपरक फिल्म माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति से संबंधित पौराणिक मान्यताओं, महाभारत कालीन संदर्भों तथा भगवान महेश से जुड़ी कथाओं एवं प्राचीन ग्रंथों के सार को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। आधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का उपयोग करते हुए फिल्म में मंदिरों, राजप्रासादों और ऐतिहासिक परिवेश का आकर्षक एवं जीवंत चित्रण किया गया है।
उन्होंने बताया कि रात्रि 8:15 बजे आयोजित समारोह में समाज के भामाशाह ज्योति कुमार माहेश्वरी फिल्म का औपचारिक विमोचन करेंगे। इस अवसर पर महासभा के पूर्व सभापति रामपाल सोनी, समाजसेवी एवं भामाशाह निर्मल मूंदड़ा सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन और गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
सभा के मंत्री सुरेश बिड़ला एवं कार्यक्रम प्रभारी सुनीत जागेटिया ने जानकारी दी कि फिल्म का विशेष प्रदर्शन ‘हास्य हंगामा’ (कवि सम्मेलन) कार्यक्रम से पूर्व किया जाएगा। उन्होंने समाजजनों से अनुरोध किया कि वे रात्रि 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान सुनिश्चित करें।
आयोजकों के अनुसार, आधुनिक तकनीक के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे माहेश्वरी समाज के इतिहास और मूल्यों के प्रति युवाओं में जागरूकता और जुड़ाव बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal