| श्री महेश नवमी महोत्सव 2026: बालोद में 23 जून को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, दिनभर होंगे धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन |
|
|
बालोद। माहेश्वरी समाज, बालोद द्वारा 23 जून 2026 (मंगलवार) को श्री महेश नवमी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक आस्था, समाज सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं पारिवारिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन माहेश्वरी भवन एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे भव्य शोभायात्रा से होगी, जो गणेश मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके पश्चात प्रातः 9:00 बजे माहेश्वरी भवन में पार्थिव शिव पूजन एवं अभिषेक आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में सुबह 9:30 बजे निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन होगा, जबकि 10:00 बजे बाल प्रतिभा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 10:30 बजे ध्वजारोहण समारोह भी संपन्न होगा। दोपहर 12:00 बजे सामूहिक भोजन प्रसादी का आयोजन रखा गया है। इसके बाद 2:00 बजे अतिथि स्वागत एवं सम्मान समारोह तथा 3:00 बजे पारिवारिक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। संध्याकालीन कार्यक्रमों में 5:00 बजे गौसेवा कार्यक्रम, 7:00 बजे दंतेश्वरी तालाब पर भव्य शिव आरती तथा रात्रि 8:30 बजे माहेश्वरी भवन में भक्ति रस से ओतप्रोत भजन संध्या का आयोजन होगा। महोत्सव के लिए माहेश्वरी समाज ने सभी समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान महेश का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा समाज की एकता, संस्कृति एवं गौरव को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया है। विशेष सूचना के अनुसार, महोत्सव के सहयोगार्थ राशि संग्रह हेतु इस वर्ष घर-घर संपर्क के स्थान पर माहेश्वरी भवन में विशेष सहयोग काउंटर की व्यवस्था की गई है, जहाँ समाज के सदस्य अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार सहयोग राशि समर्पित कर सकेंगे। महोत्सव के सफल संचालन हेतु विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि कार्यक्रम संयोजक श्री गिरिराज जाजू एवं श्री आनंद बगड़ी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन में माहेश्वरी पंचायत, बालोद, माहेश्वरी महिला मंडल, बालोद तथा माहेश्वरी युवा मंच, बालोद की सक्रिय सहभागिता रहेगी। |