| विश्व रक्तदाता दिवस पर काव्य गोष्ठी का आयोजन, रक्तदाताओं को किया सलाम |
|
|
बीकानेर। पर्यटन लेखक संघ एवं महफिले-अदब के संयुक्त सौजन्य से गंगाशहर रोड स्थित होटल मरुधर हेरिटेज में विश्व रक्तदाता दिवस को समर्पित काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रिंसिपल, चिंतक एवं लेखक प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में शायर अमर जुनूनी उपस्थित रहे। गोष्ठी का संयोजन एवं संचालन डॉ. जिया उल हसन कादरी ने किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्तदाता निस्वार्थ भाव से समाज और देश की सेवा करने वाला सच्चा मानवसेवी होता है। उन्होंने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए अपनी कविता की पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं— रक्तदान होता महादान, रक्तदाता को करते सलाम, देते वे निस्वार्थ है सेवा, मानव रूप में वे है देवा। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि शायर अमर जुनूनी ने भी अपनी रचना के माध्यम से रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। गोष्ठी में वरिष्ठ शायर डॉ. जिया उल हसन कादरी, असद अली असद, जाकिर अदीब, हनुमंत गौड़, नजीर, धर्मेंद्र राठौड़ एवं धनंजय सहित कई कवियों और शायरों ने अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। वक्ताओं ने अपने संबोधनों में वर्तमान समय में रक्तदान और रक्तदाताओं की महत्ता पर जोर देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में असद अली ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। |