संयुक्त राष्ट्र के पब्लिक सर्विस फोरम में शामिल होंगे चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री नरेश धनराज केला

सार्वजनिक नीति (पब्लिक पॉलिसी) और लोक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाले सुरेन्द्र नगर के चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री नरेश धनराज केला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्हें संयुक्त राष्ट्र द्वारा जॉर्जिया की राजधानी Tbilisi में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित united Nations Public Service Forum में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

यह वैश्विक सम्मेलन 23 से 25 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसका मुख्य विषय "Transforming Public Institutions" रखा गया है। सम्मेलन में विभिन्न देशों के नीति-निर्माता, प्रशासनिक अधिकारी, विशेषज्ञ और सार्वजनिक सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे तथा सुशासन, संस्थागत सुधार और नागरिक-केंद्रित सेवाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

श्री केला ने बताया कि सार्वजनिक नीति के प्रति उनकी गहरी रुचि तथा विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों के साथ वर्षों के कार्यानुभव ने उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रेरित किया है। इसी अनुभव और योगदान के आधार पर उन्हें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमंत्रण प्राप्त हुआ है।

उन्होंने इस अवसर को अपने लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र के मंच पर वैश्विक विशेषज्ञों के साथ संवाद करना और सार्वजनिक संस्थाओं में परिवर्तन से जुड़े विषयों पर चर्चा का हिस्सा बनना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही उन्होंने इस अवसर के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जॉर्जिया में होने वाली सार्थक चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए उत्साहित हैं। समाज एवं पेशेवर जगत के लोगों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र और देश के लिए गौरव का विषय बताया है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal