सांगानेर में श्री बाल भागवत का भव्य विमोचन सम्पन्न

नई पीढ़ी को धर्मग्रंथों एवं सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बल्लभी राजराजेश्वरी 'मौसी रामÓ द्वारा रचित श्री बाल भागवत का भव्य विमोचन समारोह सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला के सुरभि सदन में सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री श्री 1008 श्री अलबेली माधुरी शरण जी महाराज (सरस निकुंज) की गरिमामयी उपस्थिति में पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए अलबेली माधुरी शरण जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में श्री बाल भागवत जैसी कृति का प्रकाशन नई पीढ़ी के लिए एक अमूल्य उपहार है। उन्होंने कहा कि भक्ति और आध्यात्म में जीवन को रूपांतरित करने की अद्भुत शक्ति होती है। जो व्यक्ति इसमें रम जाता है, उसका जीवन सार्थक हो जाता है। उन्होंने लेखिका की वर्षों की साधना और परिश्रम की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक युवा पीढ़ी को भागवत के गूढ़ भावों को सरलता से समझने में सहायक सिद्ध होगी।

पुस्तक की लेखिका बल्लभी राजराजेश्वरी 'मौसी रामÓ ने बताया कि समस्त शास्त्रों का सार भागवत में निहित है। इसके श्रवण मात्र से ही मनुष्य को मृत्यु का भय समाप्त होता है तथा शांति और आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि श्री बाल भागवत लिखने का मुख्य उद्देश्य बाल साधकों को आध्यात्मिकता की ओर प्रेरित कर उनमें भागवत के प्रति रुचि उत्पन्न करना है।

कार्यक्रम में लाइफ कोच एवं पब्लिक स्पीकर मेधावी चितलांगिया ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भागवत जैसे गहन ग्रंथ को बच्चों और युवाओं के लिए सरल, सहज एवं रोचक भाषा में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही, इसमें अनेक प्रसंगों का आकर्षक चित्रांकन किया गया है, जो पाठकों की रुचि को और बढ़ाता है।

विमोचन समारोह से पूर्व बटुकों द्वारा संस्कृत श्लोकों के मंत्रोच्चार के साथ श्री बाल भागवत का पूजन किया गया, जिससे वातावरण पूर्णत: आध्यात्मिक और भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर बड़े भैया प्रवीण सहित अन्य संतों एवं अतिथियों का शाल, पुष्प, श्रीफल एवं मेवा भेंटकर सम्मान किया गया। समारोह में हास्य सम्राट आर.डी. बाहेती, उद्योगपति ज्योति माहेश्वरी, तेज श्री परवाल, माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष उमेश सोनी सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मौसी राम के पुत्र अंकुर चितलांगिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal