दीप प्रभा फाउंडेशन हापुड द्वारा मोक्ष धाम का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, ग्राम सभा को किया समर्पित

दीप प्रभा फाउंडेशन द्वारा जनपद हापुड़ के ग्राम कस्तला कासिमाबाद में मोक्ष धाम का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं वृक्षारोपण का कार्य पूर्ण कर उसे ग्राम सभा को समर्पित किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती रेखा नगर ने कहा कि श्री राकेश चंद माहेश्वरी के परिवार द्वारा किया गया यह कार्य आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

वहीं बीजेपी जिला अध्यक्ष श्रीमती कविता माधरे ने अपने संबोधन में कहा कि इस परिवार में राष्ट्रप्रेम एवं समाजसेवा की भावना प्रारंभ से ही विद्यमान रही है। पुणे (महाराष्ट्र) में निवास करने के बावजूद अपने गांव के प्रति ऐसी निष्ठा और सेवा भावना रखना अत्यंत सराहनीय है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर मुखबिर सिंह ने बताया कि ग्राम के पैतृक निवासी श्री राकेश चंद्र माहेश्वरी के पुत्र सीए अंकित माहेश्वरी एवं उनकी पत्नी सीए भावना माहेश्वरी, जो वर्तमान में पुणे में रहते हैं, ने अपनी स्वर्गीय माताजी दीप प्रभा की स्मृति में स्थापित फाउंडेशन के माध्यम से इस कार्य को संपन्न कराया है।

उन्होंने मोक्ष धाम का जीर्णोद्धार कराने के साथ-साथ तालाब का भराव एवं पक्का निर्माण करवाया तथा भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर आज इसे ग्राम सभा को समर्पित किया। कार्यक्रम का संचालन नितेश महेश द्वारा किया गया। इस अवसर पर विक्रम सिंह, रुपेश, विशेष, शैलेंद्र सिंह, अरविंद शर्मा, गौरव शर्मा, राम भूल, देवेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, मनोज तोषनीवाल, सुधांशु माहेश्वरी, प्रदीप माहेश्वरी, जितेंद्र माहेश्वरी, प्रोफेसर राकेश, राघव, मनीष माहेश्वरी, मुकेश तोषनीवाल, वेद प्रकाश, अंकित, देवेंद्र माहेश्वरी, हर्ष माहेश्वरी, मकसूदन महेश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में ग्राम प्रधान ने दीप प्रभा फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal