| भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा की कार्य समिति बैठक आयोजित |
|
|
भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा द्वारा दिनांक 22 फरवरी 2026 को हुरड़ा तहसील के हुरड़ा ग्राम स्थित माहेश्वरी भवन में जिला कार्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ तहसील संरक्षक श्री बसंती लाल कालिया, महासभा के अर्थ मंत्री श्री राजकुमार कालिया, प्रदेश अध्यक्ष श्री राधेश्याम चेचानी, जिला अध्यक्ष श्री अशोक बाहेती, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री कैलाश कोठारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री राधेश्याम सोमानी एवं जिला मंत्री श्री रमेशचंद्र राठी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। बैठक की कार्यवाही जिला अध्यक्ष श्री अशोक बाहेती की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई। जिला संयुक्त मंत्री श्री दिनेश तोषनीवाल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। अतिथियों का तिलक लगाकर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर तहसील मंत्री श्री बालमुकुंद मोदी द्वारा भावभीना स्वागत किया गया। कार्य समिति को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति श्री रामपाल सोनी ने कहा कि समय के अनुरूप जिसने स्वयं को शिक्षा, तकनीक एवं ज्ञान से जोड़ा है, वही प्रगति कर सका है। माहेश्वरी समाज भी इसी दिशा में समाज की प्रतिभाओं को तकनीकी ज्ञान एवं शिक्षा के माध्यम से मंच प्रदान कर रहा है, जिससे शिक्षा, व्यापार, रोजगार एवं तकनीक के क्षेत्रों में समाज सशक्त बन सके। उन्होंने आग्रह किया कि बदलते समय को ध्यान में रखते हुए समाज को ऐसे कार्यकर्ताओं का चयन करना चाहिए, जो तकनीकी रूप से दक्ष हों और तहसील, जिला, प्रदेश एवं महासभा स्तर पर नेतृत्व प्रदान कर संगठन को सुदृढ़ बना सकें। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री अशोक बाहेती ने महासभा अधिवेशन में लिए गए निर्णयों को जिला स्तर पर लागू करने का प्रस्ताव रखा। इसमें समाज की घटती जनसंख्या एवं बढ़ते लिंगानुपात को ध्यान में रखते हुए कन्या जन्म को उत्सव के रूप में मनाने, तीसरी अथवा अधिक संतान जन्म पर प्रोत्साहन राशि देने, बालिका का विवाह 22 वर्ष तथा बालक का विवाह 25 वर्ष की आयु के पश्चात करने का निर्णय शामिल है। निर्धारित आयु में विवाह करने वाले नवदंपत्तियों को महासभा द्वारा 21,000 की शगुन राशि एवं समाज स्तर पर सम्मानित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही सामाजिक बैठकों को मितव्ययता के साथ सामाजिक भवनों में आयोजित करने तथा बेबी शावर, बैचलर पार्टी, आफ्टर पार्टी एवं फिजूलखर्ची बढ़ाने वाले आयोजनों पर सामाजिक प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री राधेश्याम चेचानी ने कहा कि 'हम संगठित रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे।Ó समाज को एकजुट रहते हुए जनसंख्या वृद्धि एवं सामाजिक चेतना पर ध्यान देना होगा। महासभा कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री कैलाश कोठारी ने महासभा द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के समाजजनों को सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री राधेश्याम सोमानी ने विभिन्न ट्रस्टों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विधवा बहनों को दी जा रही सहायता एवं समयानुकूल किए गए सुधारों की जानकारी दी। जिला अर्थ मंत्री श्री सुशील मरोठिया ने गत वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। सह मंत्री श्री राजेंद्र पोरवाल ने सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण को नियमित रूप से अद्यतन रखने का आग्रह किया। महासभा के अर्थ मंत्री श्री राजकुमार कालिया ने बताया कि महासभा द्वारा विभिन्न सहयोगी ट्रस्टों के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 10 से 11 करोड़ रुपये की सहायता समाजजनों तक पहुँचाई जा रही है। कार्यक्रम में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री प्रदीप बल्दवा, उपाध्यक्ष श्री रामकिशन सोनी, संयुक्त मंत्री श्री रमेश बसेर, कार्यालय मंत्री के.जी. राठी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सत्येंद्र बिरला, प्रदेश अर्थ मंत्री श्री दीनदयाल मारू, संगठन मंत्री श्री ओमप्रकाश गट्टानी, कार्यालय मंत्री श्री देवेंद्र सोमानी, युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री राघव कोठारी सहित सभी तहसीलों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर हुरड़ा तहसील सभा द्वारा श्री रामपाल सोनी को अटल अवार्ड एवं समाज रत्न से सम्मानित होने पर पगड़ी, शाल-दुपट्टा, पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में महासभा कार्यकारी मंडल सदस्य श्री शिव कासट ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। दिवंगत समाजजनों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं राष्ट्रगान के पश्चात बैठक ससम्मान संपन्न हुई।
|
|
| 02 March 2026 |
| भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा की कार्य समिति बैठक आयोजित |
|
| 02 March 2026 |
| मयंक मूंधडा़, तालचेर सीए बने |