सूरतगढ़ की सविता सोमानी को अंग्रेजी साहित्य में पीएचडी

सूरतगढ़ की सविता सोमानी को अंग्रेजी साहित्य में पीएचडी की उपाधि प्राप्त हुई है। अजमेर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) के अंग्रेजी विभाग की शोधार्थी सविता सोमानी को यह उपाधि विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई। उन्होंने अपना शोध कार्य अपनी मार्गदर्शक डॉ. रश्मि भटनागर के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

सविता के शोध प्रबंध का विषय रहा — "Fictional Narration and History: A Comparative Study of the Selected Novels of Amitav Ghosh and Salman Rushdie" इस शोध में उन्होंने विश्लेषण किया कि किस प्रकार अमिताव घोष और सलमान रुश्दी, दोनों प्रतिष्ठित साहित्यकार अपने उपन्यासों में इतिहास का पुन:सृजन करते हैं और कथात्मक शैली के माध्यम से सामाजिक-राजनीतिक यथार्थ को अभिव्यक्ति देते हैं। इतिहास और साहित्य के इस अंतर्संबंध पर किया गया यह शोध अकादमिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

वर्तमान में सविता सोमानी केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) में पीजीटी (अंग्रेजी) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियाँ अत्यंत उल्लेखनीय रही हैं। उन्होंने चार विषयों में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है तथा राष्ट्रीय स्तर की यूजीसी-नेट (UGC-NET) और राज्य स्तरीय सेट (SET) जैसी महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षाएँ भी उत्तीर्ण की हैं। अध्यापन के साथ-साथ वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को साहित्यिक दृष्टिकोण विकसित करने एवं परीक्षा की बारीकियाँ समझाने में निरंतर मार्गदर्शन देती रही हैं।

त्रिमूर्ति मंदिर क्षेत्र, सूरतगढ़ की निवासी सविता ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता श्री रमेश कुमार सोमानी एवं श्रीमती इन्दु सोमानी, शोध मार्गदर्शक डॉ. रश्मि भटनागर, परिवारजनों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा — 'बचपन से डॉक्टर बनने का सपना था, जो आज परिश्रम और समर्पण से साकार हुआ।' डॉ. सविता सोमानी को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal