श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा “रंगोत्सव 2026” – भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन 1 मार्च को
माहेश्वरी समाज के प्रमुख सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई के तत्वावधान में रविवार, 01 मार्च 2026 को अरुम्बाक्कम स्थित डी.जी. वैष्णव कॉलेज परिसर में “रंगोत्सव 2026” होली मिलन समारोह का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में समाज के सभी वर्गों—बुजुर्ग, युवा, महिलाएँ एवं बच्चे—उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं एकता के रंगों से होली पर्व को मनाएंगे।
सभा के अध्यक्ष श्री गौरी शंकर राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि होली भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण पर्व है, जो समाज में प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभा की सभी सहयोगी संस्थाएँ—श्री माहेश्वरी महिला मंडल, श्री माहेश्वरी स्पोर्ट्स क्लब, श्री माहेश्वरी सत्संग समिति, श्री माहेश्वरी युवा मंडल एवं श्री माहेश्वरी क्लब—संपूर्ण समर्पण एवं उत्साह के साथ तैयारियों में जुटी हुई हैं।
कार्यक्रम संयोजक श्री अनुराग माहेश्वरी एवं श्री जयप्रकाश मालपानी ने बताया कि इस वर्ष “रंगोत्सव” में पारंपरिक होली की विशेष झलक देखने को मिलेगी। विशेष रूप से राजस्थानी पारंपरिक चंग एवं रसिया का जीवंत प्रस्तुतीकरण आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा, जो सभी को होली की पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में निम्नलिखित विशेष आकर्षण रहेंगे—
• पारंपरिक फूलों की होली, जिसमें प्राकृतिक पुष्पों के साथ सुरक्षित एवं आनंददायक होली खेली जाएगी।
• महिला गृह उद्योग प्रदर्शनी, जिसमें समाज की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।
• मनोरंजक खेल एवं पारिवारिक गतिविधियाँ, जिनमें सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
• रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिसमें समाज के प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा नृत्य एवं संगीत प्रस्तुत किए जाएंगे।
• आकर्षक लकी ड्रॉ, जिसमें प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर श्री माहेश्वरी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा वर्ष 2025–26 में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मालपानी–बिसानी एंडोमेंट के अंतर्गत सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह समाज के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
सभा के सचिव श्री संजय मूंदड़ा ने बताया कि “रंगोत्सव” को लेकर पूरे समाज में अत्यंत उत्साह का वातावरण है और लगभग ढाई हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति की संभावना है। कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं तथा आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न समितियाँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
उन्होंने समाज के सभी सदस्यों एवं परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस रंगोत्सव को सफल बनाने एवं आपसी प्रेम और एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal