बीकानेर में स्थापित हुआ नया आयाम - सिंगी परिवार ने अपने पूर्वजों की स्मृति में बनवाए 25 वातानुकूलित कृष्णा कॉटेज

भामाशाहों की नगरी बीकानेर में एक और नया आयाम स्थापित हुआ। बीकानेर के सिंगी परिवार की ओर से पीबीएम अस्पताल परिसर में बनाए गए 25 वातानुकूलित कृष्णा कॉटेज का उद्धघाटन हुआ। भामाशाह श्री नारायणदास सिंगी, श्री श्रीराम सिंगी व श्री किशन लाल सिंगी एवं श्री सुरेश सिंगी द्वारा बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री द्वारकाप्रसाद पचीसिया की प्रेरणा से अपने पूर्वजों स्व. चेतनदास जी, स्व. द्वारकादास जी एवं स्व. दाऊलाल जी सिंगी की स्मृति में वातानुकूलित 25 कॉटेज का निर्माण प्रसूताओं के लिए करवाया है। इनके साथ ही ऑफिस रूम, स्टोर रूम, गार्ड रूम, नर्सिंग स्टेशन, रिसेप्शन आदि भी बनाए गए हैं।

कॉटेज उद्घाटन समारोह से चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े। उन्होंने सिंगी परिवार का आभार जताया और कहा कि बीकानेर भामाशाहों की नगरी है। यहां के अनेक भामाशाहों ने चिकित्सा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी चिकित्सकीय सुविधाओं में सुधार की दिशा में सतत कार्य किए जा रहे है। इसमें भामाशाहों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा उन्हें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलें, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में यहां के भामाशाहों ने सदैव बढ़-चढ़कर योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सिंगी परिवार द्वारा करवाए गए इस पुनीत कार्य को आने वाली पीढिय़ां याद रखेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में पीबीएम और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में आमूलचूल सुधार हुआ है। 

श्री ब्रह्म गायत्री सेवा आश्रम के अधिष्ठाता पं. रामेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि नर सेवा से बड़ी सेवा कोई नहीं होती। अच्छे कार्यों में दिया गया दान कभी निष्फल नहीं जाता। उन्होंने कहा कि बीकानेर के भामाशाह जन सरोकारों के कार्यों का नया इतिहास रच रहे हैं।

इस दौरान जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा अध्यक्ष श्री संदीप काबरा, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ सुरेंद्र वर्मा, पीबीएम अधीक्षक डॉ बी.सी. घीया सहित सींगी परिवार के सदस्य तथा गणमान्य मौजूद रहे।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal