अयोध्याधाम में सेवा सदन का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास समारोह सानन्द सम्पन्न

श्री अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन की शाखा-अयोध्याधाम में दशरथकुण्ड के निकट 80 हजार वर्गफिट में सौ करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले 300 कमरों एवं विशाल सभागारोंयुक्त सेवा-सदन के निर्माण हेतु भूमि-पूजन एवं शिलान्यास समारोह ऐतिहासिक रूप से 11.03.2024 को सानन्द सम्पन्न हुआ। 
सेवा-सदन के इतिहास में ऐसा प्रथम अवसर था जब किसी आयोजन में पूरी सरकार समाज के मंच पर उपस्थित रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यरूप से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अयोध्या के कोषाध्यक्ष राष्ट्रीय संत परम पूज्य स्वामी श्री गोविन्ददेवगिरी महाराज, गद्गुरु रामानुज सम्प्रदाय, अयोध्या के परम पूज्य श्री श्रीधराचार्य महाराज, वेदांती आश्रम अयोध्या के अधिकारी परम पूज्य श्री राजकुमारदास महाराज, तखतगढ़ मठ (राजस्थान) के युवाचार्य श्री अभयदास महाराज, लोकसभा अध्यक्ष माननीय श्री ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राजस्थान-विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना, उत्तर प्रदेश के कृषिमंत्री श्री सूर्यप्रताप शाही, भूमि दानदाता डी-मार्ट के संस्थापक श्री राधाकिशन दम्मानी, कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष श्री आनन्द राठी, राजस्थान सरकार के केबीनेट मंत्री एवं राज्य मंत्रीगण, बड़ी संख्या में विधायकगण, भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारीगण, मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण, पूज्य संतगण एवं देशभर के कौने-कौने से पधारे भामाशाहों की प्रमुख उपस्थिति रही।

समारोह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री सी.पी. जोशी, राष्ट्रीय सचिव श्रीमती विजया राहटकर, उप मुख्यमंत्री श्री प्रेमचन्द बैरवा, केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री श्री कैलाश चौधरी, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री श्याम जाजू सहित सेवा सदन के अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा, महामंत्री रमेशचन्द्र छापरवाल, सभी पदाधिकारीगण-मनोहरलाल पुंगलिया, कैलाश सोनी, प्रहलाद राठी, अनिल कुमार बांगड़, विजयशंकर मून्दड़ा, सोहनलाल मून्दड़ा, मुरलीधर झंवर, श्रीभगवान बंग, किशनगोपाल बंग, संजयकुमार जैथलिया, भागीरथ भूतड़ा, मधुसुदन मालू एवं कार्यकारिणी सदस्यों सहित देशभर से पधारे सैंकड़ों समाजबन्धु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आरम्भ में आचार्य श्री महेशगुरु नन्दे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी-देवताओं का मंडल बनाकर आह्वान किया, प्रकाण्ड पण्डितों द्वारा भूमि पूजन करवाया गया तथा परम पूज्य स्वामी श्री गोविन्ददेवगिरी महाराज, श्री ओम बिरला, श्री भजनलाल शर्मा, श्री राधाकिशनजी दम्मानी, श्री आनन्द राठी, संस्था के अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा, पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा शिलान्यास किया गया। तत्पश्चात् शिलालेख के अनवारण के बाद मुख्य समारोह प्रारम्भ हुआ। सभी उपस्थित अतिथियों का शॉल-साफा-माला-उपरणा से स्वागत किया गया।


कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष बोम्बे स्टॉक एक्सचेंज के पूर्व अध्यक्ष श्री आनन्द राठी ने सभी पधारे हुए मेहमानों का शब्दों की माला से स्वागत करते हुए उद्बोधन दिया। उन्होंने अयोध्याधाम में सेवा-सदन के शीघ्र निर्माण का विश्वास प्रकट किया। इस शुभ अवसर पर श्री ओम बिरला ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला है। अयोध्या ऊर्जा देने वाली, प्रेरणा देने वाली नगरी है। आज पूरे विश्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना का जागरण हुआ है। यह कालखंड हमारे लिये सौभाग्यशाली है। सदियों तक जिसका इंतजार करते रहे वह मंदिर आज बनकर तैयार है एवं आमजन की सेवाओं के मूल उद्देश्य से कार्यशील श्री अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन द्वारा अयोध्याधाम में भवन जिसकी आज आधारशिला रखी जा रही है, शीघ्र ही यह भव्य भवन यात्रियों की सुविधार्थ तैयार होगा, ऐसा पूर्ण विश्वास है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा सांस्कृतिक केन्द्र बनने जा रही है। 500 वर्षों तक रामलला टेंट में विराजमान रहे। 22 जनवरी को भव्य मंदिर में उनकी प्राण प्रतिष्ठा हुई। आने वाले समय में यहाँ देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की कतार लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि माहेश्वरी समाज लोगों के उत्थान का कार्य करता है। अध्यक्ष श्री रामकुमार भूतड़ा के साथ टीम में हमने कार्य किया है, उनका कार्य हमने देखा है, उनके विशेष आग्रह पर हम उपस्थित हुए है, ऐसे अध्यक्ष के नेतृत्व में अयोध्याधाम जैसी पावन भूमि पर सेवा-सदन द्वारा जन भावना के अनुकूल विशाल भवन निर्माण होगा जो श्रद्धालुओं के लिये बहुत उपयोगी सिद्ध होगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष राष्ट्रीय संत श्री गोविन्ददेवगिरी महाराज ने कहा कि भारत केवल आध्यात्मिक देश नहीं है, इस भूमि के कण-कण में दिव्य तत्व भरा है। शताब्दियों तक भारत ने आक्रमण झेला। पुन: उठ खड़ा हुआ। राममंदिर बना पाए हैं तो इसके पीछे संतों की तपस्या है, रामभक्तों का बलिदान है। आज पूरा राजस्थान श्रीराम की पूजा करने आया है। अयोध्या जल्द ही संपूर्ण देश की सांस्कृतिक राजधानी बनने जा रही है। माहेश्वरी समाज सदैव मानव-सेवार्थ कार्य करता आया है एवं इसी समाज की संस्था माहेश्वरी सेवा सदन, पुष्कर द्वारा दशकों वर्षों से मानव-सेवार्थ तीर्य स्थलों पर भवन बनवाकर सेवाएं प्रदान की जा रही है। यह संस्था निरन्तर प्रगति-पथ पर अग्रसर हो, ऐसी मंगलकामनाएं प्रेषित करता हूँ।
समारोह के समापन से पूर्व सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर अभिनन्दन किया गया। सेवा-सदन के अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा ने जानकारी दी कि शीघ्र ही अयोध्या में सेवा-सदन के निर्माण हेतु कार्य प्रारम्भ किया जाना है। इस हेतु समाज के सहयोगदाताओं द्वारा भरपूर सहयोग-आश्वासन प्राप्त हो चुके हैं एवं निर्माण हेतु अर्थ-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने वाली। श्रीरामलला की जन्मस्थली में बनने वाले सेवा-सदन के निर्माण हेतु समाज के भामाशाहों द्वारा बढ़-चढ़कर सहयोग लिखवाया जा रहा है एवं शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करवाकर भवन समाज को समर्पित किये जाने की भावनाएं प्रकट की जा रही है ताकि अयोध्याधाम में पधारने वाले श्रद्धालुगण लाभान्वित हो सके। समारोह के समापन से पूर्व महामंत्री रमेशचन्द्र छापरवाल ने सभी पधारे हुए अतिथियों, भामाशहों, समाजबन्धुओं का आभार प्रकट किया।


( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन